तुर्किए में सिजेरियन डिलीवरी के मामलों पर कार्रवाई, 100 से अधिक डॉक्टरों पर जुर्माना और निलंबन…

तुर्किए के स्वास्थ्य मंत्रालय ने सिजेरियन सेक्शन डिलीवरी करने वाले 100 से अधिक प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञों पर जुर्माना लगाया है।

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने इन डॉक्टरों को ड्यूटी से अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है और उन्हें अनिवार्य रूप से अतिरिक्त ट्रेनिंग लेने का निर्देश दिया है।

डॉक्टरों को विशेष रूप से सी-सेक्शन करने के लिए दंडित किया गया है। इन दंडात्मक कार्रवाइयों में आर्थिक जुर्माना, क्लिनिकल काम से निलंबन और अनिवार्य रूप से दोबारा प्रशिक्षण लेना शामिल हैं।

तुर्किए भर के चिकित्सा संघों ने इन आंकड़ों की पुष्टि की है। सरकार के इस कदम से स्वास्थ्य पेशेवरों में भारी आक्रोश है और वे इसका कड़ा विरोध कर रहे हैं।

सी-सेक्शन पर प्रतिबंध

यह कार्रवाई सरकार द्वारा अप्रैल 2025 में लागू किए गए उस नियम के बाद हुई है, जिसमें निजी स्वास्थ्य केंद्रों पर बिना किसी ठोस चिकित्सीय कारण के ऐच्छिक (elective) सी-सेक्शन डिलीवरी पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।

यह नीति राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन की डेकेड ऑफ द फैमिली पहल का हिस्सा है। इसका उद्देश्य देश में लगातार गिरती जन्म दर को रोकना और जिसे अधिकारी प्राकृतिक जन्म कहते हैं, उसे बढ़ावा देना है।

सी-सेक्शन मामलों में सबसे आगे तुर्किए

आर्थिक सहयोग और विकास संगठन के 38 सदस्य देशों में सिजेरियन डिलीवरी की दर तुर्किए में सबसे अधिक है। रिपोर्ट के अनुसार, पूर्ण डेटा वाले नवीनतम वर्ष 2023 में, हर 1,000 जीवित जन्मों में से लगभग 615 बच्चों का जन्म सी-सेक्शन के माध्यम से हुआ था। यह कुल जन्म दर का 61.5% है।

मेडिकल एसोसिएशन ने सिस्टम पर उठाए सवाल

अंताल्या चैंबर ऑफ फिजिशियंस ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर बताया कि देश भर में सिजेरियन सेक्शन की उच्च दर का हवाला देते हुए प्रसूति रोग विशेषज्ञों को चेतावनी जारी की गई है, अनुशासनात्मक जांच की गई है, प्रैक्टिस से अस्थायी रूप से निलंबित किया गया है और प्रसव पूर्व प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों में भाग लेने के लिए मजबूर किया गया है।

रिपोर्ट के हवाले से, टर्किश मेडिकल एसोसिएशन की एक शीर्ष अधिकारी डॉ. आयसे गुल्तेकिनगिल ने बिरगुन अखबार को बताया कि अधिकारियों द्वारा की गई यह दंडात्मक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है क्योंकि यह मुद्दा संरचनात्मक है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि तुर्किए में सिजेरियन जन्म दर 60 प्रतिशत से अधिक है। लेकिन डिलीवरी का यह तरीका तुर्किए की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली के भीतर मौजूद विभिन्न समस्याओं को उजागर करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *