हैदराबाद पुलिस के एक उप-निरीक्षक के खिलाफ उस समय मामला दर्ज किया गया जब इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें उन्हें अपनी नाबालिग पोती को कार चलाने की अनुमति देते हुए दिखाया गया है।
वायरल वीडियो में पुलिस उप-निरीक्षक (एसआई) कार की अगली यात्री सीट पर बैठे हुए हैं, जबकि नाबालिग लड़की स्टीयरिंग व्हील के पीछे है। जब स्थानीय लोगों ने अधिकारी से सुरक्षा जोखिम और आरटीए नियमों के बारे में सवाल किया, तो नाबालिग लड़की इस कृत्य का बचाव करते हुए भीड़ से कहती है, “मेरे दादा एसआई हैं।”
इसके बाद अधिकारी स्थिति को सही ठहराने का प्रयास करते हैं, यह दावा करते हुए कि वाहन आटोमैटिक है और पूरी तरह से उनके नियंत्रण में है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना हाल ही में नर्सिंगी पुलिस स्टेशन के क्षेत्र में हुई और उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया, जबकि वाहन जब्त कर लिया है।