मुंबई के मालाड इलाके में 600 रुपये के लिए शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। दरअसल मामला यह है कि पाल नगर स्थित एक अनधिकृत केमिकल कंपनी में काम करने वाले मजदूरों के बीच उधारी को लेकर कहासुनी हो रही थी। मामला ज्यादा बढ़ने पर दोनों गुटों के लोगों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए।
तेजाब हमले में मची अफरा-तफरी, 6 लोग झुलसे
इसके बाद स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि कुछ लोगों ने गुस्से में आकर एक-दूसरे पर तेजाब फेंकना शुरू कर दिया। इससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस झड़प में 6 लोग बुरी तरह झुलस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पाल नगर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। हालात को देखते हुए इलाके में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुलिस फरार आरोपियों की कर रही खोज
मामले को लेकर मुंबई पुलिस ने दोनों गुटों के खिलाफ दंगा करने और जानलेवा हमले की कोशिश के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
इसके साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं। जो लगातार छापेमारी कर रहे है। इसके अलावा जिस अनधिकृत केमिकल यूनिट में यह घटना हुई है। वहां प्रशासन की टीम जांच कर रही है।