हरियाणा से लौट रहे बिहार के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, हादसे में दो मासूम हुए अनाथ…

 बेहतर रोजगार की तलाश में वर्षों पहले हरियाणा के सिरसा गए नरेश मांझी के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। साले के अंतिम संस्कार में शामिल होने बिहार लौट रहे परिवार की कार कानपुर–प्रयागराज सर्विस पथ पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

इस दर्दनाक हादसे में नरेश मांझी की 16 वर्षीय पुत्री नेहा कुमारी और 12 वर्षीय पुत्र दिलखुश की मौत हो गई। बुधवार को स्वजन दोनों बच्चों के शव लेकर गांव लौटेंगे, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, नरेश मांझी गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत डोभी प्रखंड के खपिया गांव के निवासी हैं। वे पिछले लगभग 25 वर्षों से हरियाणा के सिरसा में एक सेठ के यहां खेती-बाड़ी का काम करते थे। पिछले नौ वर्षों से उनका पूरा परिवार भी वहीं रह रहा था। इनके पत्नी के अलावा एक पुत्र और दो पुत्रियां थीं।

बताया गया कि नरेश मांझी के साले का पिछले रविवार को असामयिक निधन हो गया था। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए नरेश मांझी अपने पांच स्वजनों के साथ निजी चार पहिया वाहन से सिरसा से बिहार के लिए निकले थे।

उन्हें डोभी प्रखंड के बजौरा-जोलहाबिघा स्थित ससुराल जाना था। रास्ते में महाराजगंज क्षेत्र अंतर्गत रोमा के पास कानपुर–प्रयागराज सर्विस पथ पर वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

हादसे में 16 वर्षीय नेहा कुमारी और 12 वर्षीय दिलखुश की मौत हो गई। वहीं नरेश मांझी, उनकी 31 वर्षीय पत्नी सावित्री देवी तथा 8 वर्षीय पुत्री स्नेहा कुमारी गंभीर रूप से घायल हैं। तीनों का उपचार कानपुर के हैलट अस्पताल (लाला लाजपत राय अस्पताल), सर्वोदय नगर में चल रहा है।

चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।दोनों बच्चों के शव लाने के लिए नरेश के मंझले भाई सोमर मांझी, दिनेश दास, वार्ड सदस्य सत्येंद्र दास तथा उनके दो बहन कानपुर पहुंच चुके हैं। बुधवार को शव लेकर गांव लौटने के बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

ग्रामीण प्रदीप दास ने बताया कि आपसी सहयोग से 10 हजार रुपये चंदा कर परिजनों को भेजा गया है और अब भी लोग सहायता राशि जुटा रहे हैं।

वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता किरण देवी ने बताया कि नरेश की बहन शारदा देवी ने आर्थिक सहयोग की अपील की है, जिसके बाद ग्रामीणों ने 20 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता देने का निर्णय लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *