ग्रीस से जर्मनी जा रही फ्लाइट में बड़ा हादसा टला: अचानक टूटी खिड़की, यात्री बाहर की ओर खिंचने लगा; सूझबूझ से बची जान…

हवाई जहाज में सफर के दौरान सभी खिड़की-दरवाजे पूरी तरह से बंद होते हैं। वहीं कोई खिड़की खुल जाए या टूट जाए तो खतरनाक हादसा हो सकता है।

ग्रीस से जर्मनी जा रही रायनएयर (Ryanair) की एक फ्लाइट में कुछ ऐसा ही हुआ। हवा में ही फ्लाइट की खिड़की अलग हो गई, जिससे एक यात्री बाहर गिरने से बच गया।

ग्रीस से जर्मनी जा रही फ्लाइट की खिड़की टूटी

इस घटना के चश्मदीदों और अधिकारियों ने आज शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि दूसरे यात्रियों ने उसे वापस अंदर खींच लिया क्योंकि उसने अपनी सीट बेल्ट नहीं खोली थी।

यह यात्री सर्बिया का एक टूरिस्ट था जो ग्रीस के थेसालोनिकी से जर्मनी के मेमिंगेन जा रहा था। यात्री प्लेन से गिरने से तो बच गया, लेकिन वह घर्षण की वजह से जल गया। यात्री को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यात्रियों ने बताया कि टायर फटने जैसी आवाज और चीख-पुकार सुनकर उनकी नींद खुली, जिसके बाद देखा गया कि पीड़ित का सिर और कंधे खिड़की से बाहर निकले हुए थे।

एक साथी यात्री ने रेडियो थेसालोनिकी को बताया, ‘हममें से ज्यादातर लोग सो गए थे, हमने आंखें बंद कर रखी थीं। तभी टायर फटने जैसी आवाज हुई।’

प्लेन में सवार एक महिला ने बताया, ‘हमें तुरंत एहसास हुआ कि डीकम्प्रेशन (हवा का दबाव कम होना) हुआ है। चीखें सुनाई दे रही थीं। एक पल के लिए मुझे लगा कि किसी ने गलती से इमरजेंसी दरवाजा खोल दिया है।’

महिला ने आगे बताया, ‘मास्क नीचे गिर गए और तेज गंध आ रही थी। एक यात्री का सिर और कंधे खिड़की से बाहर थे। अच्छी बात यह थी कि उसने अपनी सीट बेल्ट नहीं खोली थी।’

सभी यात्रियों को सुरक्षित लेकर उतरा प्लेन

रायनएयर ने एक बयान में कहा कि उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद फ्लाइट थेसालोनिकी लौट आई, क्योंकि उड़ान के दौरान एक यात्री की खिड़की अलग हो गई थी। विमान सामान्य रूप से उतरा और यात्री टर्मिनल पर लौट आए।

आयरिश एयरलाइन ने कहा कि बाकी यात्रियों को मेमिंगेन ले जाने के लिए एक दूसरा विमान उपलब्ध कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *