टी-72 और टी-90 टैंकों की ट्रॉल असेंबली के लिए 975 करोड़ का करार, भारतीय सेना की ताकत होगी और मजबूत…

भारतीय सेना की घातक बारूदी सुरंगों के क्षेत्र को पार करने की क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (बीईएमएल) व इलेक्ट्रो न्यूमैटिक्स एंड हाइड्रोलिक्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के साथ टी-72/टी-90 टैंकों के लिए ट्राल असेंबली की खरीद के लिए करीब 975 करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए।

एक बयान के अनुसार, टी-72/टी-90 टैंकों के लिए “ट्राल असेंबली” अहम उपकरण है जिसे डीआरडीओ ने विकसित किया है, जो खतरनाक बारूदी सुरंग क्षेत्रों को पार करने की सेना की क्षमता को बढ़ाएगा।

रक्षा मंत्रालय ने कहा, “यह बारूदी सुरंग क्षेत्रों में टैंक रोधी सुरंगों के साथ वाहन सुरक्षित लेन बनाने की अतिरिक्त क्षमता उत्पन्न करेगा, जिससे भारतीय सेना की संचालनात्मक प्रभावशीलता में वृद्धि होगी।”

ये अनुबंध रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में हस्ताक्षरित किए गए। यह खरीद भारत की रक्षा अवसंरचना को आधुनिक बनाने व स्वदेशी उद्योगों को सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम है, जो आत्मनिर्भर भारत का गर्वित ध्वजवाहक बनेगा।

“इस परियोजना में एमएसएमई क्षेत्र को घटकों के निर्माण के माध्यम से प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार सृजन की विशाल क्षमता है।”

गत माह रक्षा मंत्रालय ने वायु सेना के लिए दो उन्नत माउंटेन रडार की खरीद के लिए भारत इलेक्ट्रानिक्स लिमिटेड संग अनुबंध पर हस्ताक्षर किए। भारत के रक्षा निर्माण में आत्मनिर्भरता के प्रयासों को महत्वपूर्ण बढ़ावा देने वाला यह सौदा लगभग 1,950 करोड़ रुपये का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *