गाजियाबाद में 75 वर्षीय बुजुर्ग पर कुत्तों का हमला, सिर और हाथों पर गंभीर चोटें; नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल…

आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है।

शुक्रवार सुबह को विजयनगर सेक्टर-12 में 75 वर्षीय बुजुर्ग बीएस नेगी घर के बाहर बैठकर अखबार पढ़ रहे थे। इसी बीच दो आवारा कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया।

सिर पर कुत्तों ने मुंह से झपट्टा मारकर घाव कर दिये। बचाव करने के चक्कर बुजुर्ग जमीन पर गिर पड़े और हाथों से बचाव का प्रयास किया लेकिन कुत्तों ने हाथ पर काटकर घाव कर दिये।

इसके बाद पैर और कंधे पर भी काट लिया। खून निकलने पर बुजुर्ग ने खूब शोर मचाया लेकिन कोई बचाने को नहीं पहुंचा। कुछ देर बाद कुत्ते खुद ही भाग गये।

आवारा कुत्तों को पकड़कर शेल्टर होम में भेजेंगे

बेटे सुनील नेगी को इसकी सूचना मिली तो वह तुरंत उनको घायलावस्था में लेकर जिला एमएमजी अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बुजुर्ग को एंटी रेबीज वैक्सीन के अलावा एंटी रेबीज सीरम भी लगाया।

बुजुर्ग का आरोप है कि कई बार नगर निगम को शिकायत करने के बाद भी क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक है और आए दिन किसी न किसी को घायल कर रहे हैं। उधर, नगर निगम के डाॅ. अनुज कुमार का कहना है कि जल्द ही क्षेत्र के आवारा कुत्तों को पकड़कर शेल्टर होम में भेजा जायेगा।

158 लोग एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने पहुंचे

शुक्रवार को जिले के सरकारी अस्पतालों में 51 बच्चों समेत 266 लोगों को एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई गई। सरकारी अस्पतालों की ओपीडी के अलावा अब इमरजेंसी में पूरी रात एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने को लोग पहुंच रहे हैं। दस लोगों को एंटी रेबीज सीरम (एआरएस) लगाया गया।

रिपोर्ट के अनुसार, जिला एमएमजी अस्पताल, जिला संयुक्त अस्पताल और डूंडाहेडा संयुक्त अस्पताल में जानवरों के काटने पर एंटी रेबीज वैक्सीन की पहली डोज लगवाने पहुंचे लोगों की संख्या 90 रही। शेष 176 लोगों ने एआरवी की दूसरी और तीसरी डोज लगवाई। जिला एमएमजी अस्पताल में 158 लोग एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने पहुंचे।

सात बच्चों को एंटी रेबीज सीरम लगे

डाॅ. नितिन प्रियदर्शी ने बताया कि सात बच्चों को एंटी रेबीज सीरम भी लगाया गया। संयुक्त अस्पताल में 89 लोगों ने पहुंचकर एआरवी लगवाई। संयुक्त अस्पताल में तीन बच्चों को एंटी रेबीज सीरम लगाया गया। डूंडाहेडा स्थित संयुक्त अस्पताल में कुल 19 लोगों ने एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाई। सबसे अधिक विजयनगर, पटेलनगर, शिब्बनपुरा,गोविंदपुरम, संजयनगर, लालकुआं, अर्थला और करहैडा के लोग एआरवी लगवाने पहुंच रहे हैं।

घायल बुजुर्ग को दो जगह से किया गया रेफर

शुक्रवार को डासना के रहने वाले 62 वर्षीय बुजुर्ग लियाकत को बंदरों ने काटकर घायल कर दिया। लियाकत सीएचसी डासना में एआरवी और एआरएस लगवाने पहुंचे लेकिन टीटी और एआरवी लगाने के बाद एआरएस के लिये संजयनगर स्थित संयुक्त अस्पताल के लिये रेफर कर दिया गया।

लियाकत को लेकर स्वजन संयुक्त अस्पताल पहुंचे लेकिन यहां पर एआरएस न होने के चलते जिला एमएमजी अस्पताल के लिये रेफर कर दिया गया। यह स्थिति तब है जबकि संयुक्त अस्पताल में एआरएस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। जिला एमएमजी अस्पताल में देर शाम को बुजुर्ग को एआरएस लगाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *