राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पारा 50 डिग्री सेल्सियस को छू रहा है। इस प्रचंड गर्मी के बीच सुप्रीम कोर्ट ने संवेदनशीलता दिखाते हुए वकीलों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के हक में एक बड़ा कदम उठाया है।
प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जोयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने बार के सभी सदस्यों से भावुक अपील की है कि वे अदालती कार्यवाही में ऑनलाइन (वर्चुअल) माध्यम से शामिल हों।
अदालत दिल्ली की अदालतों को पूरी तरह ऑनलाइन करने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई कर रही थी। हालांकि, पीठ ने स्पष्ट किया कि वकीलों की व्यावहारिक दिक्कतों को जाने बिना कोई “न्यायिक आदेश” जारी करना उचित नहीं होगा, लेकिन उन्होंने इस विपरीत मौसम में वर्चुअल कोर्ट को सबसे बेहतरीन जरिया बताया।
पीठ ने चिंता जताते हुए कहा कि इस भीषण गर्मी में सार्वजनिक वाहनों से सफर करना, खासकर बुजुर्ग वकीलों के स्वास्थ्य के लिए बिल्कुल भी अनुकूल नहीं है। कोर्ट ने याचिकाकर्ता की इस पहल की सराहना की और माना कि तकनीक के इस दौर में ऑनलाइन सुनवाई ही सबसे सुरक्षित और व्यावहारिक समाधान है।