375 मिलियन डॉलर का जुर्माना: Meta का सख्त रुख, न्यू मैक्सिको में सेवाएं बंद करने की चेतावनी…

सोशल मीडिया कंपनी मेटा (Meta) ने चेतावनी दी है कि वह अमेरिका के न्यू मेक्सिको राज्य में अपने प्लेटफॉर्म फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप की सेवाएं बंद कर सकती है।

यह चेतावनी एक बड़े कानूनी विवाद के बीच आई है, जिसमें कंपनी पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर आरोप लगे हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, एक जूरी ने मेटा को दोषी ठहराया और उस पर 375 मिलियन डॉलर (करीब 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा) का जुर्माना लगाया।

अदालत ने कहा कि कंपनी ने यूजर्स को सुरक्षा के बारे में गुमराह किया और उसके प्लेटफॉर्म पर बच्चों के शोषण जैसी घटनाएं होने दीं।

यह मामला अब दूसरे चरण में जाएगा, जिसे ‘रिमेडीज फेज’ कहा जाता है, जिसकी सुनवाई 4 मई से शुरू होगी। इस चरण में तय किया जाएगा कि मेटा को अपने प्लेटफॉर्म में क्या बदलाव करने होंगे।

क्या है मेटा की दलील?

मेटा का कहना है कि जो बदलाव सुझाए जा रहे हैं, वे व्यावहारिक नहीं हैं। कंपनी के मुताबिक, अगर ये नियम लागू होते हैं तो उसे न्यू मैक्सिको के लिए अलग से अपने ऐप्स के वर्जन बनाने पड़ेंगे, जो बहुत जटिल और महंगा होगा। कंपनी ने यह भी कहा कि अगर ऐसे सख्त नियम लागू किए गए, तो उसके पास राज्य से अपनी सेवाएं पूरी तरह हटाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा।

वहीं, न्यू मैक्सिको के अटॉर्नी जनरल राउल टोरेज ने इस चेतावनी को ‘पब्लिक रिलेशन स्टंट’ बताया। उन्होंने कहा कि मेटा के पास सुरक्षा उपाय लागू करने की क्षमता है, लेकिन वह मुनाफे को प्राथमिकता देती है।

क्या है राज्य की मांग?

राज्य सरकार ने कई सख्त नियमों की मांग की है, जिनमें उम्र की सख्त जांच, हानिकारक कंटेंट पर रोक, चेतावनी लेबल और बच्चों के शोषण को रोकने के लिए कड़े नियंत्रण शामिल हैं। इसके अलावा नाबालिगों के लिए एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग पर सीमाएं और प्लेटफॉर्म की स्वतंत्र निगरानी की भी बात कही गई है।

मेटा ने इन प्रस्तावों की आलोचना करते हुए कहा कि ये केवल एक कंपनी को निशाना बनाते हैं, जबकि दूसरे ऐप्स को नजरअंदाज किया जा रहा है। कंपनी ने यह भी कहा कि यूजर्स अपनी मर्जी से उसके प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *