दुबई में होटल मजदूर के रूप में काम कर रहे एक युवक ने सोशल मीडिया पर एक उकसावे वाला वीडियो पोस्ट कर कर्नाटक पुलिस, खासकर बेंगलुरु पुलिस को चुनौती दी है।
वीडियो में उसने दावा किया कि उसने बेंगलुरु में 25 बांग्लादेशियों को भेजा है और पुलिस उन्हें पकड़ नहीं पाएगी।
आरोपी की पहचान मांड्या जिले के कृष्णराजपेट तालुक के किक्केरी गांव के संतोष कुमार के रूप में हुई है।
गुरुवार सुबह उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट (santhuuu_kr_pete) पर वीडियो डाला, जिसमें कहा कि कर्नाटक पुलिस, अगर तुममें दम है तो उन्हें ढूंढो। मैंने बेंगलुरु में 25 बांग्लादेशी भेजे हैं। तुम उन्हें पकड़ नहीं सकते। इतने दिनों से कोई भी उन्हें ट्रेस नहीं कर पाया।
आगे कहा कि मैंने सिर्फ पुलिस और नेताओं को टारगेट किया है। वे तुम्हारे घरों में घुसकर तुम्हारी पत्नियों और बच्चों के साथ जो चाहेंगे वो करेंगे। उनके पास न आईडी कार्ड है, न पता। मैंने उनके लिए सारे इंतजाम कर दिए हैं। अगर तुम उन्हें ढूंढ लो तो मैं अपना पता दे दूंगा, तुम जो चाहो कर लो।
यह वीडियो अपनी उकसावे भरी भाषा, पुलिस को दी गई सीधी चुनौती और नेताओं के जिक्र के कारण सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
सेंट्रल क्राइम ब्रांच (सीसीबी) के साइबर क्राइम पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गुरुवार को केस दर्ज किया और शाम तक आरोपी की पहचान कर ली। पुलिस संपर्क करने के बाद संतोष ने मूल वीडियो डिलीट कर दिया और बाद में माफी मांगते हुए नया वीडियो अपलोड किया।
युवक ने बाद में मांगी माफी
माफी वाले वीडियो में उसने कहा कि मैंने सुबह बांग्लादेशियों के बारे में वीडियो डाला था। मैंने पुलिस के बारे में बहुत गलत बातें कहीं। मैं माफी मांगता हूं। इस बार माफ कर दें। आगे ऐसा नहीं करूंगा। मैं इसलिए गुस्से में था क्योंकि बेंगलुरु में बहुत सारे बांग्लादेशी आ रहे हैं और उनके खिलाफ या उन्हें वापस भेजने के लिए कोई कार्रवाई नहीं हो रही।
बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर सीमंत कुमार सिंह ने कहा कि साइबर सेल ने इस मामले में केस दर्ज किया है। आरोपी फिलहाल विदेश में काम कर रहा है। उसे भारत वापस भेजने और गिरफ्तार करने के प्रयास चल रहे हैं।