कीव दहला: रूसी मिसाइल हमले में 17 नागरिकों की जान गई, 44 गंभीर रूप से घायल…

रूस ने बुधवार को यूक्रेन की राजधानी कीव और उसके आसपास के क्षेत्र पर साढ़े चार वर्ष के युद्ध का एक और बड़ा हमला किया। इस हवाई हमले में 17 लोग मारे गए और 44 घायल हुए हैं। हमले में कई बड़ी कंपनियों के गोदाम और व्यापारिक केंद्र रूसी मिसाइलों का निशाना बने हैं।

रूस ने कहा है कि जिन प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया उनका संबंध यूक्रेन की सेना से है। हमलों के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने एक बार फिर सहयोगी देशों से इंटरसेप्ट मिसाइलों की मांग की है।

रूस ने ताजा हमला 24 बैलेस्टिक मिसाइलों, चार जिरकान क्रूज मिसाइलों और 115 ड्रोन से किया था। यूक्रेन की वायुसेना ने 90 प्रतिशत ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है लेकिन एक भी मिसाइल को आकाश में रोक पाने में सफल नहीं हुई।

यूक्रेन पिछले कई महीनों से अमेरिका के पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम की मिसाइलों की कमी झेल रहा है। रूस की बैलेस्टिक और क्रूज मिसाइलों को रोक पाने में यही सिस्टम कारगर है लेकिन इसके मिसाइलों की कमी यूक्रेन को भारी पड़ रही है।

पिछले कई हफ्तों में जेलेंस्की अमेरिका और अन्य सहयोगी देशों से इंटरसेप्ट मिसाइलों की मांग कर रहे हैं लेकिन ईरान युद्ध के चलते कोई मदद नहीं कर रहा है।

रूस ने अपने हमलों में यूक्रेन की सबसे बड़ी घरेलू सामान बनाने और बेचने वाली कंपनी को निशाना बनाया है। डीआइवाई रिटेल चेन के दो प्रमुख ठिकानों और एक कारखाने पर हमला किया गया।

रूस ने कहा है कि उसने यूक्रेन के उन सात गोदामों को निशाना बनाया है जिनमें ड्रोन बनाने के उपकरण रखे हुए थे। ये गोदाम कीव और उसके आसपास के इलाकों में थे।

साथ ही रूस ने काला सागर में यूक्रेन के तीन मालवाही जहाजों को भी निशाना बनाया है। इसके अतिरिक्त कीव के एक रेलवे स्टेशन और कई प्रमुख स्थानों को निशाना बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *