यूनाइटेड किंगडम से एक ऐसा मामला सामने आया है कि 14 साल का लड़का रिजेक्शन नहीं झेल पाया और उसने लड़की पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, UK में 14 साल के लड़के ने एक लड़की पर दुकान के अंदर कई बार चाकू से हमला किया। लड़का लड़की के पीछे पड़ गया था और उसके मना करने के बावजूद बार-बार उससे संपर्क करने की कोशिश कर रहा था।
लड़की के डेट प्रोपजल रिजेक्ट करने पर मारा चाकू
BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिस्टल की एक अदालत में सोमवार, 21 सितंबर को हुई सुनवाई के दौरान पता चला कि विल्टशायर के रहने वाले इस लड़के ने दिसंबर 2025 में लड़की को डेट के लिए पूछा था, लेकिन लड़की ने मना कर दिया। बाद में लड़के ने फेक सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए लड़की से बातचीत करना शुरू कर दिया।
15 मार्च को लड़का सायरनसेस्टर, ग्लूसेस्टरशायर में एक दुकान के पास लड़की के आने का इंतजार कर रहा था और जैसे ही लड़की आई, वो अपनी जींस की जेब में चाकू छिपाकर उसके पीछे-पीछे दुकान के अंदर चला गया।
CCTV फुटेज में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। लड़के को लड़की के पास जाते, हथियार निकालते और उसे पकड़ते हुए देखा जा सकता है। उसने लड़की पर कई बार चाकू से हमला किया, जबकि वह दुकान से भागने की कोशिश कर रही थी।
दुकानदार ने बीच-बचाव किया और लड़के को दूर खींचने की कोशिश की। इसके बाद किशोर ने दुकानदार की पीठ पर चाकू मारा। इस बीच लड़की दुकान से बाहर निकालकर मदद मांगने में कामयाब हुई।
लड़के के वार से लड़की बुरी तरह घायल हो गई। उसकी गर्दन, चेहरे और हाथों पर कटने और जख्म के निशान थे, साथ ही उसकी पीठ पर भी चोट के निशान थे।
क्राउन कोर्ट में एक साल का ‘रेफरल ऑर्डर’
सुबह करीब 11:15 बजे सायरनसेस्टर में अपर चर्नसाइड पर पुलिस को बुलाया गया। लड़का घटनास्थल से भाग गया, लेकिन कुछ ही देर बाद अधिकारियों को पास ही मिल गया। उसकी जींस की जेब से एक चाकू बरामद हुआ और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
वह लड़का सोमवार, 21 सितंबर को ब्रिस्टल क्राउन कोर्ट में पेश हुआ। उसे ग्लॉसेस्टर क्राउन कोर्ट में एक साल का ‘रेफरल ऑर्डर’ दिया गया।
जज ने इस बात पर हैरानी भी जताई कि उस टीनएजर को तीन महीने तक कस्टडी में रखा गया था; उन्होंने कहा कि हालाँकि अपराध गंभीर थे, लेकिन यह युवाओं से जुड़े मामलों की आम प्रक्रिया के हिसाब से सही नहीं लग रहा था।