जोजिला पास पर 14-पहिया ट्रेलर ट्रक खाई में गिरा, ड्राइवर और कंडक्टर की बाल-बाल बची जान; वीडियो में कैद हुआ मौत से सामना…

जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार, 29 मई को पानी माता के पास जोजिला दर्रे पर एक लदा हुआ 14-पहिया ट्रेलर ट्रक गहरी खाई में जा गिरा। यह ट्रक केेंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के कारगिल की ओर जा रहा था।

हादसे में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गनीमत रही कि चालक और परिचालक दोनों सुरक्षित बच निकले। घटना का पूरा वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि ट्रक बैक करते समय दर्रे से फिसल गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

देश के सबसे खतरनाक रास्तों में से एक

लगभग 11,575 फीट की ऊंचाई पर स्थित जोजिला पास देश के सबसे खतरनाक पहाड़ी रास्तों में से एक है। श्रीनगर-लेह हाईवे पर स्थित इस दर्रे पर हिमस्खलन, फिसलन भरी सड़कें, भूस्खलन और गहरी खाइयों के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं। यह रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण दर्रा कश्मीर को कारगिल और लद्दाख क्षेत्रों से जोड़ता है। यह आम नागरिकों और सशस्त्र बलों के लिए एक महत्वपूर्ण आपूर्ति मार्ग के रूप में काम करता है।

जोजिला सुरंग का काम तेज़ी से जारी

हर मौसम में संपर्क सुनिश्चित करने और हादसों को कम करने के लिए 13 किलोमीटर लंबी जोजिला सुरंग का काम तेजी से चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि खतरनाक दर्रे को बायपास करने वाली यह सुरंग जल्द ही ब्रेकथ्रू स्टेज के करीब है। सुरंग बनने से कारगिल और लद्दाख की यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा और साल भर आवागमन संभव हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *