116 साल की महिला ने 3,500 सीढ़ियां चढ़कर पहुंचीं तिरुपति बालाजी, मंदिर प्रशासन ने कराए वीआईपी दर्शन…

वो कहते हैं ना कि अगर मन में सच्ची श्रद्धा हो तो उम्र का हर बंधन छोटा पड़ जाता है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है 116 साल की एक बुजुर्ग महिला भक्त ने, जिनका पैदल तिरुपति मंदिर जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस अनूठी भक्ति को देखते हुए तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) ने उनके लिए खास वीआईपी दर्शन की व्यवस्था की।

बता दें कि 116 साल की इस बुजुर्ग महिला का नाम नवनीथम्मा हैं, जो अपने परिवार के सहयोग से भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन के लिए पैदल ही तिरुमला की पहाड़ियों पर निकल पड़ीं।

116 साल की उम्र में चढ़ीं 3550 सीढ़ियां

नवनीथम्मा ने अपनी इस उम्र में भी हार नहीं मानी। उन्होंने शेषाचलम की पहाड़ियों के बीच से होकर जाने वाले 9 किलोमीटर लंबे ‘अलिपिरी पैदल मार्ग’ की लगभग 3550 सीढ़ियां चढ़कर भगवान के दरबार में हाजिरी लगाई। सोशल मीडिया पर जिसने भी उनकी इस हिम्मत और अटूट आस्था को देखा, वह हैरान रह गया।

मुख्यमंत्री और टीटीडी अध्यक्ष ने की तारीफ

बुजुर्ग महिला की इस भक्ति से प्रभावित होकर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोशल मीडिया उनकी तारीफ की। सीएम ने लिखा कि जब बात सच्ची भक्ति की हो, तो उम्र महज एक नंबर रह जाती है। नवनीथम्मा की यह यात्रा बेहद प्रेरणादायक है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने उनके परिवार की भी सराहना की, जिन्होंने उनकी इस आखिरी इच्छा को पूरा करने में साथ दिया।

वीडियो वायरल होने के बाद, टीटीडी के अध्यक्ष बीआर. नायडू ने तुरंत अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस बुजुर्ग महिला को ढूंढें और उन्हें सम्मानपूर्वक मंदिर लेकर आएं।

अधिकारियों ने खुद कराई बायोमेट्रिक जांच और वीआईपी दर्शन

अध्यक्ष के आदेश के बाद अधिकारियों ने तेजी से काम करते हुए नवनीथम्मा और उनके परिवार का पता लगाया। सोमवार को मंदिर के कर्मचारी खुद उन्हें आदर-सत्कार के साथ मंदिर लेकर आए। दर्शन से पहले जरूरी बायोमेट्रिक जांच की प्रक्रिया में भी अधिकारियों ने उनकी मदद की और उन्हें बिना किसी परेशानी के ‘वीआईपी ब्रेक दर्शन’ कराए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *