रेलवे के 100 कर्मचारियों को मिलेगा अति विशिष्ट सेवा सम्मान, 26 शील्ड की जाएगी प्रदान…

भारतीय रेलवे अपने समर्पित और उत्कृष्ट कर्मियों को सम्मानित करने जा रहा है।

नई दिल्ली स्थित यशोभूमि में शुक्रवार को 70वां अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2025 समारोह में रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव रेलवे के सौ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को असाधारण योगदान के लिए सम्मानित करेंगे।

साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रेलवे जोनों को 26 शील्ड भी प्रदान की जाएंगी।

अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार के लिए उन कर्मियों का चयन किया गया है, जिन्होंने नवाचार, परिचालन दक्षता, सुरक्षा, संरक्षा, राजस्व वृद्धि, समयबद्ध परियोजना पूर्णता, खेल और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

इनमें 17 अधिकारी-कर्मचारी ऐसे हैं, जिन्होंने नए विचार, प्रक्रियाएं और तकनीकें अपनाकर उत्पादकता बढ़ाई और खर्च में बचत सुनिश्चित की।

रेलवे 22 कर्मचारियों और अधिकारियों को भी सम्मानित करेगा, जिन्होंने जान की परवाह किए बिना यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे संपत्ति की रक्षा में साहसिक कार्य किए।

और कौन-कौन होंगे सम्मानित?

वहीं 14 कर्मियों को आय बढ़ाने, बिना टिकट यात्रा रोकने और चोरी जैसी अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चुना गया है।

परिचालन सुधार, सुरक्षा और संपत्ति संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 19 कर्मियों को भी सम्मान मिलेगा।

रिकॉर्ड समय में महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी करने वाले 16 अधिकारी-कर्मचारी, अन्य क्षेत्रों में असाधारण प्रदर्शन करने वाले 10 कर्मी और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाले दो खिलाड़ी भी पुरस्कृत होंगे।

महाकुंभ जैसे बड़े आयोजनों और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कठिन परिस्थितियों में निर्बाध रेल संचालन सुनिश्चित करने वाले कर्मियों का योगदान भी सराहा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *