मुख्यमंत्री के काफिले को काले झंडे दिखाने के मामले में कुल 10 पुलिसकर्मी सस्पेंड किए गए हैं। इनमें से नौ सिविल लाइंस थाने में तैनात थे और एक एसआईएस ब्रांच से एएसआई अमित कुमार हैं। सिविल लाइंस थाने में तैनात एसएचओ विजेंद्र कुमार, दो एएसआई सहित कांस्टेबल व हेड कांस्टेबल निलंबित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री के गुरुग्राम आगमन पर शुक्रवार सुबह कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज डावर और वर्धन यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अचानक सड़क पर आकर उनके काफिले के सामने काले झंडे फहराये थे और गो बैक के नारे लगाए थे।
8 कांग्रेस कार्यकर्ता शुक्रवार रात गिरफ्तार
गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शुक्रवार रात गिरफ्तार किया है। एफआईआर में पंकज डावर और वर्धन यादव के भी नाम हैं, लेकिन वह दोनों अभी कहां हैं इसके बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं है।
दोनों नेताओं के भी फिलहाल फोन स्विच ऑफ हैं। सूत्रों के मुताबिक इन दोनो नेताओं को भी पुलिस ने हिरासत में ले रखा है। लेकिन पुलिस इस बारे में कोई भी जानकारी देने से बच रही है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को लेकर शनिवार दोपहर कई कांग्रेसी सिविल लाइंस थाने के बाहर जमा हुए हैं और केस के बारे में अपडेट ले रहे हैं। सिविल लाइंस थाना पुलिस गिरफ्तार सभी कांग्रेसियों को डीसीपी वेस्ट के समक्ष पेश करने के लिए लेकर गई है।