सरकारी उपाय बेअसर, प्याज के दाम में फिर उछाल; कई जगह 80 रुपये किलो तक पहुंचा भाव…

सावन में घटी हुई मांग और पर्याप्त आपूर्ति ने प्याज की कीमतों को थोक में नियंत्रण में रखा, परंतु रिटेल में व्यापारी मुनाफाखोरी करने से नहीं चूक रहे।

नासिक में प्याज के पुराने स्टॉक की कमी का असर अब बाजार पर दिखने लगा है। कीमतों पर नियंत्रण के सरकार के उपाय काम नहीं आ रहे और देश के अलग-अलग राज्यों में प्याज की कीमतों में बढ़ोतरी देखी जा रही है।

दिल्ली-एनसीआर में खुदरा प्याज 50 से 55 रुपये किलो बिक रहा है, लेकिन खुले बाजार में 60 से 70 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। कुछ राज्यों में प्याज के दाम 80 रुपये तक पहुंच गए हैं।

कानपुर की चकरपुर मंडी में प्याज की रोजाना आवक 6.50 लाख किलो से घटकर पांच लाख किलो रह गई है, जिससे थोक भाव बढ़कर 42-45 रुपये किलो पहुंच गया है। चकरपुर मंडी सब्जी व्यापार मंडल के अध्यक्ष सौरभ पांडेय ने बताया कि बीते तीन दिन में ही लगभग 10 रुपये तक भाव बढ़ चुके हैं।

अब मध्य प्रदेश के शिवपुरी व राजस्थान के अलवर से ट्रकों से सीमित मात्रा में प्याज आ रहा है। नई फसल की आवक शुरू होने तक बाजार में तेजी रहेगी।

आगरा की सिकंदरा मंडी में नासिक से रोज करीब 15 ट्रक प्याज (तीन लाख किलो) आने के कारण थोक भाव फिलहाल 40 रुपये किलो बना हुआ है। आढ़तिया मनोज कालरा का कहना है कि अगले सप्ताह से मांग बढ़ी तो कीमतों में कुछ वृद्धि देखने को मिल सकती है।

कानपुर की चकरपुर मंडी में अभी तक हर दिन 6.50 लाख किलोग्राम प्याज की आपूर्ति हो रही थी, लेकिन बीते 10 दिनों से यह पांच लाख किलो ही रह गई है। यहां से पूर्वांचल के जिलों तक प्याज की आपूर्ति की जाती है, जबकि लगभग 50 टन यानी 50 हजार किलो माल की खपत कानपुर व आसपास के जिलों में होती है।

वर्तमान में मंडी में प्याज का थोक भाव बढ़कर 42 से 45 रुपये किलो तक पहुंच गया है, जो बुधवार को 35 से 40 रुपये था। आवक कम होने से प्याज के दाम 10 रुपये प्रतिकिलो बढ़ सकते हैं।

बंगाल में दो सप्ताह पहले जो प्याज 30 से 35 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा था, लेकिन इन दिनों 70 से 80 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। राजस्थान में प्याज की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसकी कीमत 50 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।

जम्मू में प्याज की कीमत 60 रुपये प्रति किलो है। प्याज की कीमतों में पिछले 15 दिन में 20 से 25 रुपये की बढ़ोतरी आ चुकी है। देहरादून मंडी में प्याज 60 रुपये प्रति किलो है। हरिद्वार की ज्वालापुर मंडी में प्याज 50 रुपये प्रति किलो है।

हल्द्वानी मंडी में प्याज 46 से 50 रुपये प्रति किलो है, ऊधम सिंह नगर की रुद्रपुर मंडी में प्याज 35 से 40 रुपये प्रति किलो है। पटना के मीठापुर व बाजार समिति में शुक्रवार को प्याज 55 रुपये प्रति किलो में बिकी।

रांची में खुदरा प्याज 55-60 रुपये प्रति किलो बिक रही है। हिमाचल प्रदेश में प्याज के औसत दाम 60 रुपये प्रति किलोग्राम है। मध्य प्रदेश की मंडियों में सामान्य घरों में उपयोग किया जाने वाला प्याज 40 रुपये किलो में बिक रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *