गोवर्धन पूजा प्रकृति एवं गौवंश संरक्षण का संदेश देती है, जबकि गौरा-गौरी पर्व छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है : विधायक ललित चंद्राकर
दुर्ग, 10 नवंबर 2026। दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर ने गोवर्धन पूजा एवं छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकपर्व गौरा-गौरी के पावन अवसर पर क्षेत्रवासियों सहित समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण एवं गौरा-गौरी से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने तथा प्रदेश की निरंतर उन्नति की कामना की।
इस पावन अवसर पर विधायक श्री चंद्राकर ने अपने निवास पर विधि-विधान के साथ गौवंश की पूजा-अर्चना की। उन्होंने गौमाता को तिलक लगाकर, पुष्पमाला अर्पित कर, आरती उतारी तथा खिचड़ी खिलाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
अपने शुभकामना संदेश में विधायक श्री ललित चंद्राकर ने कहा कि गोवर्धन पूजा भारतीय सनातन संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है, जो हमें प्रकृति, पर्यावरण और गौवंश के संरक्षण के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता का भाव रखने की प्रेरणा देता है।
भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला प्रकृति के महत्व, जीव-जंतुओं के संरक्षण और सामूहिक एकजुटता का संदेश देती है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का पारंपरिक गौरा-गौरी पर्व हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति, लोकआस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह पर्व प्रदेश की माटी से जुड़ी परंपराओं, ग्रामीण जीवनशैली और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे लोकपर्व समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करते हैं।
विधायक श्री चंद्राकर ने कामना की कि भगवान श्रीकृष्ण एवं गौरा-गौरी के आशीर्वाद से प्रदेश के खेत-खलिहान धन-धान्य से परिपूर्ण रहें, किसानों और अन्नदाताओं के जीवन में समृद्धि आए तथा प्रत्येक परिवार में सुख, शांति और खुशहाली का वास हो। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों के उज्ज्वल भविष्य और छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति की मंगलकामना की।