‘मैजिकली जवाब नहीं बदलेगा’, नाराज कस्टमर को लुफ्थांसा का रूखा जवाब; विवाद बढ़ने पर मांगी माफी…

 जर्मन एयरलाइन लुफ्थांसा का एक रिप्लाई चर्चा का विषय बन गया है। लुफ्थांसा एयरलाइंस ने अपने कस्टमर को एक ऐसा रिप्लाई दिया कि वो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। एयरलाइंस के इस रिप्लाई को 13 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिले।

लुफ्थांसा एयरलाइंस से उसके एक कस्टमर ने सोशल मीडिया प्लेफॉर्म एक्स पर शिकायत की थी, जिस पर एयरलाइंस की तरफ से काफी रूखा जवाब दिया गया।

लुफ्थांसा एयरलाइंस का रूखा जवाब

लुफ्थांसा एयरलाइंस से जुड़ा यह मुद्दा तब शुरू हुआ, जब एक परेशान यात्री ने जर्मन एयरलाइन से पूछा कि मंजूर हो चुका पेमेंट अभी तक उसके अकाउंट में क्यों नहीं आया है। लुफ्थांसा को टैग करते हुए, उसने एयरलाइन से केस C-999983-G1X8 को तुरंत प्रोसेस करने के लिए कहा।

कस्टमर की ऐसी शिकायत पर ज्यादातर एयरलाइंस मदद की हर संभव उम्मीद देने का भरोसा दिलाती हैं, लेकिन लुफ्थांसा एयरलाइंस के ऐसी शिकायत पर जवाब काफी अलग था।

लुफ्थांसा के सोशल मीडिया हैंडल से लिखा गया, ‘हमने अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर DM (डायरेक्ट मैसेज) के जरिए आपको कई बार जवाब दिया है। लेकिन आप अब X पर फिर वही सवाल पूछ रहे हैं, तो जवाब जादुई रूप से नहीं बदल जाएगा।’

सोशल मीडिया पर हुई आलोचना

एयरलाइंस के इस दो-टूक जवाब ने तेजी से लोगों का ध्यान खींचा। इस रिप्लाई को 12 घंटों के अंदर 13.5 मिलियन व्यूज मिले और यूजर्स इस बात पर बंटे हुए थे कि क्या एयरलाइन कर्मचारी ने हद पार कर दी थी।

लुफ्थांसा के इस रिप्लाई की इतनी आलोचना हुई कि बाद में एयरलाइंस को अपने जवाब के लहजे के लिए कस्टमर से माफी मांगनी पड़ी।

एयरलाइन ने एक फॉलो-अप पोस्ट में लिखा, ‘हम आपको दिए गए अपने पिछले जवाब के लिए दिल से माफी मांगते हैं। हम अपने यात्रियों के साथ ऐसा व्यवहार नहीं करते हैं। हम इस मामले में आपकी परेशानी समझते हैं और प्रोसेस को तेज करने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। हम जल्द से जल्द आपसे संपर्क करेंगे।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *