महाराष्ट्र के हिंगोली में नीट-यूजी अभ्यर्थी की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस; सामने आया वीडियो…

महाराष्ट्र के हिंगोली में हाल में नीट-यूजी की पुनर्परीक्षा देने वाले 18 वर्षीय एक अभ्यर्थी ने आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने से पहले अभ्यर्थी ने अपनी मां के लिए अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो रिकॉर्ड की थी।

अधिकारियों के अनुसार, इस बात की जांच की जा रही है कि क्या सुशील धागे द्वारा उठाए गए इस कदम का राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल प्रवेश परीक्षा से कोई संबंध था।

सुशील के परिवार ने दावा किया कि उसे दोबारा परीक्षा देना मुश्किल लगा था। एक अधिकारी ने बताया कि शहर के अष्टविनायक नगर इलाके में रहने वाले 18 वर्षीय सुशील ने बुधवार को एक कुएं में छलांग लगा दी। आत्महत्या करने से पहले उसने अपनी मां से माफी मांगते हुए 33 सेकेंड का एक वीडियो रिकार्ड किया था।

वीडियो में सुशील ने कहा, मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं और चिंता न करें। अगले जन्म में भी मैं आपकी संतान के रूप में जन्म लेना चाहता हूं। मुझे माफ करना। पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है। हिंगोली शहर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि परिवार की शिकायत में नीट की पुनर्परीक्षा का जिक्र है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *