दुर्ग पुलिस ने पहली बार महादेव ऑनलाइन सट्टा के कारोबार से जुड़े ब्रांच ऑफिस को जब्त करने में सफलता पाई है।
पुलिस ने जगदलपुर में संचालित ब्रांच ऑफिस में छापेमारी करके 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने इनके पास बड़ी संख्या में मोबाइल, लैपटाप, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस सहित करोड़ों रुपए के लेन-देन के दस्तावेज जब्त किए हैं।
एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया था कि उनकी टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी महादेव और रेड्डी अन्ना ऑनलाइन बुक नाम से ऑनलाइन सट्टा खिलवाया जा रहा है।
इतना ही नहीं कुछ लोगों ने जगदलपुर में अपना ब्रांच ऑफिस बनाया है। वहां से करोड़ों रुपए का लेन-देन करके आईडी देकर सट्टा खिलवाया जा रहा है।
एसपी ने तुरंत एंटी क्राइम और साइबर यूनिट सहित सुपेला टीआई दुर्गेश शर्मा को मिलाकर एक टीम तैयार की। डीएसपी नसर सिद्दकी के निर्देशन टीम जगदलपुर रवाना हुई।
जांच के दौरान पता चला कि जगदलपुर में जो ब्रांच संचालित किया जा राह है, उसमें उत्तर प्रदेश के लड़कों को भी रखा गया है।
ब्रांच ऑफिस को जगदलपुर जिला मुख्यालय से दूर बनाया गया था। टीम ने उस पूरे ब्रांच ऑफिस को घेरकर वहां से 6 लोगों को गिरफ्तार किया।
फर्जी बैंक अकाउंट, एटीएम व सिम भी बरामद
जब पुलिस ने महादेव के ब्रांच ऑफिस में छापेमारी की सभी लड़के ऑनलाइन गेम की मॉनीटरिंग कर रहे थे।
पुलिस ने यहां से बड़ी मात्रा में लेन देने करने के लिए फर्जी बैंक अकाउंट की पासबुक, एटीएम कार्ड और फर्जी नाम से संचालित सिम कार्ड को भी जब्त किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लाखों का सामान और लेन-देन के सबूत जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 मोबाइल, 4 लौपटॉप, 1 मॉनीटर, 1 सीपीयू, 3 की-बोर्ड, 4 माऊस, 1 ब्रॉडबैण्ड, 4 लैपटॉप चार्जर, 6 एटीएम कार्ड, 8 चेकबुक, 3 पासबुक और कई मोबाइल के सिम सहित अहम सबूत जब्त किया है। इन लोगों के द्वारा करोडो़ं रुपए का ऑनलाइन सट्टा खिलवाया जा रहा था।
ये आरोपी किए गए गिरफ्तार
दुर्ग पुलिस ने जगदलपुर से महादेव ऑनलाइन सट्टे को संचालित करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इसमें अनुभव जैन (35 साल), निवासी जोनल मार्केट इंडियन कॉफी हाऊस के बाजू सेक्टर 10 भिलाई, हर्ष कपूर (27 साल), निवासी क्वार्टर नं. 27-सी सड़क 37- सी सेक्टर 07 मिलाई, नूतन देवांगन (29 साल), निवासी संग्राम चौक सिकोला भाठा दुर्ग, प्रद्युम्न विश्वकर्मा (24 साल), निवासी ओदार थाना फुलपुर जिला वाराणसी उत्तर प्रदेश, पंकज विश्वकर्मा (21 साल), निवासी आम शाहपुर थाना बड़ागांव जिला वाराणसी उ.प्र. और श्यामदेव विश्वकर्मा (29 साल), निवासी ग्राम भावपुर थाना जलालपुर जिला जौनपुर उ.प्र. शामिल हैं।