मध्य प्रदेश में नर्मदा किनारे मिला दांतों वाला रहस्यमयी पत्थर, ग्रामीणों ने की विशेषज्ञ जांच की मांग…

मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में नर्मदा नदी के पतई घाट पर मंगलवार शाम मिली रहस्यमयी आकृति ने ग्रामीणों में कौतूहल पैदा कर दिया। पत्थर जैसी दिखने वाली इस आकृति की बनावट विशालकाय जीव के जबड़े जैसी है।

इसके एक ओर 11 और दूसरी ओर सात दांत जैसी संरचनाएं उभरी हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि यह हजारों वर्ष पुराने मैमथ हाथी के जबड़े का जीवाश्म हो सकता है। हालांकि, इसकी वैज्ञानिक पुष्टि नहीं हुई है।

मंगलवार शाम कुछ बच्चे पतई घाट पर मिट्टी खोद रहे थे। करीब डेढ़ फीट गहराई में उन्हें जमीन में दबी यह आकृति दिखाई दी। ग्रामीणों के अनुसार, आकृति का बड़ा हिस्सा अब भी जमीन के भीतर है। आसपास पानी भर जाने के कारण इसे पूरी तरह बाहर नहीं निकाला जा सका।

सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कुछ लोगों ने इसे प्राचीन जीव का अवशेष बताया, जबकि कुछ ने दैवीय स्वरूप मानकर पूजा-अर्चना की। देर शाम तहसीलदार और थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे।

बता दें कि पतई घाट से करीब तीन किलोमीटर दूर करीब 15 वर्ष पहले डायनासोर के अंडों जैसी आकृतियां मिली थीं। यदि यह संरचना विलुप्त जीव का जीवाश्म साबित होती है, तो महत्वपूर्ण खोज होगी। उन्होंने पुरातत्व, भूविज्ञान और जीवाश्म विज्ञान के विशेषज्ञों की टीम बुलाकर वैज्ञानिक जांच कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *