बंगाल: मालदा में मतदाता सूची से नाम गायब होने पर उत्पन्न हंगामा, लोगों ने न्यायिक अधिकारियों को बंधक बना लिया…

बंगाल के मालदा जिले के हरिश्चंद्रपुर दो नंबर ब्लाक के दौलतपुर इलाके व कलियाचक ब्लॉक के सुजापुर समेत कई क्षेत्रों में बुधवार को मतदाता सूची में नाम न आने को लेकर स्थानीय लोगों ने जमकर बवाल किया।

बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। उनका कहना था कि वोटर लिस्ट से उनका नाम षड्यंत्र के तहत हटाया गया है।

लाखों लोगों के नाम एसआईआर के चलते हट गए हैं।

आक्रोशित लोगों ने शाम को हरिश्चंद्रपुर दो नंबर बीडीओ कार्यालय को घेर लिया और वहां एसआईआर की सुनवाई कर रहे न्यायिक पदाधिकारियों को घंटों बंधक बना लिया। किसी प्रकार प्रशासन ने उनको सुरक्षित बचाया।

प्रदर्शनकारी राष्ट्रीय राजमार्ग-12 पर रात तक डटे थे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सभी जरूरी दस्तावेज जमा करने के बाद निर्धारित समय पर सुनवाई में शामिल होने पर भी सप्लीमेंट्री वोटर लिस्ट में उनके नाम दर्ज नहीं किए गए। इससे वे वोट देने से वंचित रह जाएंगे।

सुबह से ही स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर कई जगह टायर जलाकर रास्ता जाम कर दिया। तिरंगा लेकर प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए।

उनका कहना था कि लिखित आश्वासन मिलने तक वे रास्ता नहीं खोलेंगे। कई पीढ़ियों से यहां रहने वालों का नाम काट दिया गया।

तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार ने कहा-पहले मतदाता, फिर मतदान

कालियाचक एक बीडीओ कार्यालय के सामने धरने पर बैठीं सुजापुर विधानसभा क्षेत्र की तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार सबीना यास्मीन का कहना था कि पहले मतदाता, फिर मतदान।

कहा कि वैध मतदाताओं के नाम अनुचित तरीके से हटा दिए गए हैं। जब प्रचार करने जाती हैं तो आम लोग सवाल करते हैं कि आप वोट मांगने क्यों आई हैं, वोट देगा कौन? हमारा नाम तो सूची से हटा दिया गया है।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग स्पष्टीकरण दे। आरोप लगाया कि मुस्लिम बहुल क्षेत्र में ऐसा किया जा रहा है।

इधर पुलिस के साथ केंद्रीय बल मौके पर तैनात हैं। इंग्लिश बाजार के अमृति बनिया गांव में भी स्थिति तनावपूर्ण हो है। यहां भी सड़क जाम कर प्रदर्शन किया गया।

इधर सुजापुर के बाखरपुर में दो मीडिया कर्मियों पर हमला भी किया गया। इससे उनको काफी चोट आई है। इस मामले की सूचना चुनाव आयोग को भी दी गई है। इस संदर्भ में डीजी से भी रिपोर्ट तलब की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *