पीएम मोदी के पिता पर टिप्पणी को लेकर खरगे के बचाव में उतरी कांग्रेस, बोली- ‘इशारा RSS की ओर था’…

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ‘मोदी का बाप भी जाएगा’ वाली टिप्पणी को लेकर जारी विवाद के बीच रविवार को पार्टी के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने उनका बचाव किया है। खेड़ा ने कहा कि खरगे का इशारा आरएसएस की ओर था।

उन्होंने दावा किया कि पटना में भाषण के दौरान एक भाजपा कार्यकर्ता ने पहले खरगे के दिवंगत पिता का अपमान किया था। जवाब में कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वैचारिक मार्गदर्शक’ यानी आरएसएस का जिक्र किया था।

पवन खेड़ा ने क्या कहा?

कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा, ‘भाजपा रोज नई साजिशें रचती है। कुछ दिन पहले खरगे के भाषण के बाद शुद्धीकरण जैसी निंदनीय हरकत की गई। रविवार को बिहार में जब खरगे भाषण दे रहे थे, तब एक भाजपा कार्यकर्ता ने यह कहकर उनके पिता का अपमान किया कि आपके बाप भी आ जाएंगे तो मोदी नहीं जाएगा। इसके बाद खरगे ने मोदी के वैचारिक मार्गदर्शक यानी आरएसएस का जिक्र करते हुए कहा कि सिर्फ मोदी ही नहीं जाएंगे, आरएसएस भी जाएगा।’

‘इसमें अपमानजनक कुछ नहीं’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने कहा, ‘इसमें अपमानजनक क्या है? यह तो बोलने का एक तरीका है। सिर्फ वह ही नहीं, उसका देवता भी जाएगा; वह क्या, उसका बाप भी जाएगा। ऐसा कहने से अपमान नहीं होता। प्रधानमंत्री खुद लगातार अपमानजनक बातें कर रहे हैं। देश के इतिहास में किसी ने भी कभी मोदी जैसी भाषा का इस्तेमाल नहीं किया।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *