दिल्‍ली पुलिस ने की कार्रवाई, UAPA के तहत पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के 2 सदस्यों को किया गिरफ्तार…

ywAAAAAAQABAAACAUwAOw==

दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के कथित दो सदस्यों को बुधवार को गिरफ्तार किया।

उनके खिलाफ कड़े गैर कानूनी गतिविधि रोकथाम कानून के तहत मामला दर्ज किया गया था। 

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान इसरार अली खान और मोहम्मद सामून के तौर पर हुई है।

उन्होंने बताया कि उन्हें खजूरी खास और चांद बाग इलाकों में स्थित उनके घरों से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि खान वैद्य है जबकि सामून यूनानी डॉक्टर है। वे करीब सात-आठ साल से पीएफआई से जुड़े हुए थे।

एक दिन पहले खजूरी खास थाने में गैरकानूनी गतिविधि (निरोधक) अधिनियम के साथ-साथ भारतीय दंड संहिता की धारा 120 बी (आपराधिक साजिश) और 153 ए (विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) के तहत पीएफआई के दो कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

उन पर सरकार और देश के खिलाफ साजिश रचने का आरोप है। राष्ट्रीय राजधानी में पीएफआई सदस्यों के खिलाफ यूएपीए के तहत दर्ज यह दूसरा मामला है।

इससे पहले, कथित रूप से संगठन से जुड़े चार लोगों को दिल्ली पुलिस ने अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया था। 

केंद्र ने 28 सितंबर को पीएफआई पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बाद, दिल्ली पुलिस ने शहर के छह जिलों में फैली पीएफआई इकाइयों पर छापेमारी की और कथित रूप से समूह से जुड़े 33 लोगों को हिरासत में लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *