यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन युद्ध को तेज करने के लिए नए सिरे से तैयारी कर रहे हैं।
रूस डोनबास (डोनेस्क और लुहांस्क) पर पूर्ण कब्जे के लिए युद्ध मोर्चों पर तीन लाख अतिरिक्त सैनिकों की तैनाती की योजना पर कार्य कर रहा है। इस प्रकार से डोनबास के मोर्चे पर रूस के पांच लाख सैनिक लड़ेंगे। ऐसे में यूक्रेन के लिए मुकाबला ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो जाएगा।
जेलेंस्की ने यह दावा खुफिया सूत्रों से प्राप्त जानकारी के आधार पर किया है। उन्होंने कहा, रूस में 18 और 20 सितंबर को होने वाले संसदीय चुनाव के बाद पुतिन डोनबास पर कब्जे के लिए ताकत झोंकेंगे। लेकिन यूक्रेन की सेना उसका मुकाबला करेगी।
जेलेंस्की ने हाल के महीनों में यूक्रेनी सेना को दक्षिण-पूर्वी मोर्चे पर मिली सफलता पर प्रसन्नता जताई। कहा कि 2026 में हम कई अन्य मोर्चों पर भी रूस से अपनी जमीन मुक्त कराएंगे।
जेलेंस्की ने कहा है कि यूक्रेन को फ्रांस से जल्द ही मिसाइलें और अन्य सैन्य सामग्री मिलेगी। उन्हें इस आपूर्ति का आश्वासन सोमवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से टेलीफोन पर हुई वार्ता में मिला है। मैक्रों ने उन्हें कई मिसाइलों के यूक्रेन में निर्माण के लिए लाइसेंस और सुविधाएं देने का भी आश्वासन दिया है।