प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार 12 सितंबर को ग्रेटर नोएडा में ‘आईडीएफ विश्व डेयरी सम्मेलन-2022’ का उद्घाटन करेंगे।
इस कार्यक्रम में 50 देशों के 1,500 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने गुरुवार को एक संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी।
यह कार्यक्रम 12 सितंबर से शुरू होगा और चार दिन तक चलेगा, कार्यक्रम का विषय ‘पोषण और आजीविका के लिए डेयरी’ रखा गया है।
रूपाला ने कहा कि प्रधानमंत्री 12 सितंबर को इस शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। लगभग 50 देशों के प्रतिनिधि इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। चार दिन के कार्यक्रम में 1,500 से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे।
रूपाला ने कहा कि प्रधानमंत्री के अलावा केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा अन्य केंद्रीय मंत्री भी शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
48 साल बाद भारत में फिर हो रहा डेयरी शिखर सम्मेलन
उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और गुजरात के मुख्यमंत्री भी 48 वर्ष बाद भारत में होने वाले इस वैश्विक कार्यक्रम में शामिल होंगे। पिछली बार भारत ने 1974 में अंतरराष्ट्रीय डेयरी कांग्रेस की मेजबानी की थी।
डेयरी शिखर सम्मेलन में वैश्विक और भारतीय डेयरी उद्योग के विशेषज्ञों, किसान और नीति योजनाकार जुटेंगे।
रूपाला ने कहा कि दूध उत्पादन में भारत दुनिया में पहले स्थान पर है और दूध के वैश्विक उत्पादन में देश का हिस्सा 23 प्रतिशत है।
विदेशी प्रतिनिधि अपने अनुभव साझा करेंगे और डेयरी क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों के बारे में चर्चा करेंगे। हम उन्हें अपने अनुभव के बारे में बताएंगे।
इसके अलावा राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के अध्यक्ष मीनेश शाह ने कहा कि कार्यक्रम में 300 विदेशी प्रतिनिधि और 1,200 भारतीय प्रतिनिधि शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इसमें 700 से 800 किसान भी भाग लेंगे, जिसमें से ज्यादातर भारतीय होंगे।
उल्लेखनीय है कि देश में लगभग आठ करोड़ डेयरी किसान हैं और इनमें से ज्यादातर छोटे और सीमांत (औसतन दो गोवंश वाले) हैं। देश में दूध का वार्षिक घरेलू उत्पादन 22 करोड़ टन होने का अनुमान है।
ग्रेटर नोएडा और नोएडा में 15 सितंबर तक निजी ड्रोन उड़ाने पर रोक
गौतमबुद्ध नगर जिले की पुलिस ने ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में 12 सितंबर से शुरू हो रहे ‘वर्ल्ड डेयरी समिट-2022’ के मद्देनजर गुरुवार को एक आदेश पारित कर 15 सितंबर तक नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा में निजी व्यक्तियों या संगठनों द्वारा ड्रोन उड़ाने पर रोक लगा दी है।
पुलिस ने यह प्रतिबंध शहर में निषेधाज्ञा (भारतीय दंड प्रक्रिया संहिता की धारा-144) लागू करते हुए लगाया। बता दें कि इस सम्मेलन का उद्घाटन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ग्रेटर नोएडा आने का कार्यक्रम है।
अपर पुलिस उपायुक्त (कानून-व्यवस्था) अनिल कुमार यादव द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि गौतमबुद्ध नगर में सीआरपीसी की धारा 144 लागू की जाती है।
उन्होंने कहा है कि कोई भी व्यक्ति /संस्था द्वारा आठ सितंबर से 15 सितंबर तक ड्रोन का संचालन नहीं किया जाएगा। यादव ने कहा कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।