कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने मंगलवार को चेतावनी दी कि यदि सरकार ने सावधानी नहीं बरती तो भारत को जल्द ही वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर चीनी सेना के रोबोट से लड़ना पड़ सकता है।
इस बयान पर भाजपा ने पलटवार करते हुए राहुल गांधी पर “चीन का रोबोट” होने का तंज कसा। तिवारी ने एक्स पर एक मीडिया रिपोर्ट शेयर की, जिसमें बताया गया था कि एक चीनी रोबोट ने उसेन बोल्ट का 100 मीटर दौड़ का रिकार्ड तोड़ दिया है।
उन्होंने कहा कि यदि भारत ने सावधानी नहीं बरती तो उसे जल्द ही एलएसी पर पीएलए (पीपुल्स लिबरेशन आर्मी) के रोबोट से लड़ना पड़ सकता है। चीन द्वारा ह्यूमनाइड रोबोट के क्षेत्र में की गई शानदार तरक्की से हमें सीख लेनी चाहिए।
एक उभरती हुई बड़ी ताकत होने के बड़े-बड़े दावों के बावजूद टेक्नोलाजी की दौड़ में हम चीन से असल में कितने पीछे हैं और यह तो बस एक ही क्षेत्र है।” उन्होंने कहा कि आज चीन 75 अहम टेक्नोलाजी में से 67 में अमेरिका से आगे है।
कांग्रेस ने LAC पर चीनी रोबोट सेना के खतरे की चेतावनी दी
भाजपा सांसद और प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस की सोच को ‘चीनी’ सोच बताया। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, ‘सबसे पहले हमें एलएसी और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर कांग्रेस की सोच का मुकाबला करना होगा, क्योंकि असल में वही हमारे दुश्मनों का साथ देते हैं और गलत जानकारी फैलाते हैं। वही लोग थे जो डोकलाम विवाद के समय चीनी टेंट के अंदर पाए गए थे।’
उन्होंने कहा, ‘जब भारतीय और चीनी सेना आमने-सामने थी तो मुझे याद है कि राहुल गांधी ने कहा था कि हमारी सेना को मार डाला। राहुल गांधी के शब्द बहुत ही निराशाजनक थे।” उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को ‘चीन का रोबोट’ कहा।
पात्रा ने कहा कि हमें लोकतांत्रिक तरीके से उनकी सोच का मुकाबला करना होगा। 2009 में उसेन बोल्ट ने बर्लिन में वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में 9.58 सेकंड का विश्व रिकार्ड बनाया था।
चीनी सरकारी मीडिया के अनुसार, शनिवार को चीनी कंपनी एक्स ह्यूमनाइड द्वारा बनाए गए एक ह्यूमनाइड रोबोट ने उस रिकार्ड को 0.19 सेकंड से तोड़ दिया।
‘गोलगप्पे और सब्जी बेचने वाले भी राहुल गांधी से ज्यादा समझदार’
भाजपा ने ‘यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस’ (यूपीआइ) की सफलता की कहानी का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा कि गोलगप्पे और सब्जी बेचने वाले लोग भी राहुल गांधी से कहीं ज्यादा समझदार हैं।
भाजपा ने कहा कि कांग्रेस नेता पी. चिंदमबरम ने यूपीआइ की शुरुआत का मजाक उड़ाया था, जबकि बीते एक दशक में यह दुनिया की सबसे बड़ी रियल टाइम भुगतान प्रणाली बनकर उभरा है।
यूपीआई की शुरुआत 25 अगस्त 2016 को की गई थी। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि चिदंबरम ने यूपीआइ को एक बड़ी गलती बताया था। उन्होंने दावा किया था कि इससे देश की अर्थव्यवस्था पर असर पड़ेगा।
UPI की सफलता पर बीजेपी ने कांग्रेस को घेरा
पात्रा संसद में चर्चा के दौरान पूर्व वित्त मंत्री चिदंबरम की ओर से यूपीआइ के बारे में की गई उस टिप्पणी का जिक्र कर रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि सड़क किनारे सामान बेचने वाले और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले गरीब लोग डिजिटल भुगतान प्रणाली का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे।
पात्रा ने कहा, चिदंबरम जी, आपके क्षेत्र में, मेरे क्षेत्र में और देश के हर हिस्से में सब्जी बेचने वाली ‘अम्मा’ भी राहुल गांधी से कहीं ज्यादा समझदार है। उन्होंने कहा कि चिदंबरम ने गोलगप्पे बेचने वालों का मजाक उड़ाया था।
आज गोलगप्पे की दुकानों पर भी पेटीएम से भुगतान की सुविधा मौजूद है। गोलगप्पा बेचने वाले भी राहुल गांधी से कहीं ज्यादा समझदार है। राहुल गांधी को उनसे सीखना चाहिए।