आंध्र प्रदेश में दुष्कर्म का विरोध करने पर नाबालिग लड़की के मुंह में तेजाब डालने और फिर उसका गला काटने के आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
नेल्लोर जिले के पुलिस अधीक्षक विजया राव ने मंगलवार को यह जानकारी दी, आरोपी पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। य
ह चौंकाने वाली घटना सोमवार की रात एसपीएसआर नेल्लोर जिले के वेंकटचलम गांव में हुई।
बताया जा रहा है कि नौवीं क्लास की 14 वर्षीय छात्रा अपने घर में अकेली थी। उस वक्त आरोपी उसके घर में घुस गया। खुद को बचाने के लिए पीड़िता वॉशरूम की ओर भागी और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। युवक ने दरवाजा तोड़ा और उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया।
पीड़िता ने जब इसका विरोध किया, उसने उस पर टॉयलेट साफ करने वाला तेजाब डाल दिया। जब लड़की ने शोर मचाने की कोशिश की, तो हमलावर ने चाकू से उसका गला काट दिया और फरार हो गया।
जब पड़ोसियों ने लड़की को खून से लथपथ देखा तो उन्होंने उसके माता-पिता को सूचना दी, जो किसी काम से बाहर गए हुए थे। पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी नागराजू को गिरफ्तार कर लिया है। वह पीड़िता का रिश्तेदार बताया जा रहा है।
पुलिस को आशंका है कि कुछ अन्य लोगों ने आरोपी की मदद की होगी, इस घटना से लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।