कीव पहुंचे ब्रिटिश PM बर्नहम, यूक्रेन को क्रूज मिसाइल तकनीक देने का ऑफर; रूस ने कहा- ‘तबाही को न्योता’…

कीव पहुंचे ब्रिटिश PM बर्नहम, यूक्रेन को क्रूज मिसाइल तकनीक देने का ऑफर; रूस ने कहा- ‘तबाही को न्योता’…

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम पद संभालने के बाद सोमवार को पहली बार यूक्रेन की राजधानी कीव पहुंचे।

वहां पर उन्होंने यूक्रेन को लंबी दूरी तक मार करने वाली स्काल्प क्रूज मिसाइल निर्माण की गोपनीय तकनीक देने का संकेत दिया। ब्रिटिश प्रधानमंत्री के इस प्रस्ताव पर रूस ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

रूस ने कहा है कि इस तरह की हरकतों को युद्ध भड़काने का प्रयास माना जाएगा और ब्रिटेन को उसके दुष्परिणाम भुगतने होंगे। इस बीच वाइल्डबेरीज के बाद अब रूस की दूसरी सबसे बड़ी ऑनलाइन कंपनी ओजोन यूक्रेन के निशाने पर है। सोमवार को कंपनी के चार ठिकानों को यूक्रेन ने ड्रोन से निशाना बनाया है। इन हमलों में कई लोगों के घायल होने की सूचना है।

बर्नहम ने यूक्रेन को मिसाइल तकनीक देने का संकेत दिया

पिछले तीन दिनों में ओजोन के छह ठिकानों को निशाना बनाए जाने के बाद सोमवार को कंपनी का शेयर 30 प्रतिशत तक गिर गया। कंपनी ने बताया है कि दागेस्तान के उसके हब पर ड्रोन हमले से वहां आग लग गई और कामकाज रुक गया है। वहां पर हुए हमले में कई लोग घायल हुए हैं।

कंपनी के क्रैस्नोडर, एदिगेया और स्टावरोपोल क्षेत्रों में स्थित ठिकानों पर भी यूक्रेन के हमले हुए हैं। क्रैस्नोडर में एक अन्य यूक्रेनी हमले में दो बच्चे मारे गए हैं।

इस बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि सरकार हमले में निशाना बनाई जा रही कंपनियों को सहायता के लिए जल्द कदम उठाएगी। रूसी वित्त मंत्रालय ने कहा है कि वाइल्डबेरीज और उस तरह की कंपनियों की सहायता के लिए नीति बनाई जा रही है।

यूक्रेन शांति का इच्छुक लेकिन नहीं छोड़ेगा जमीन : जेलेंस्की

यूक्रेन ने सोमवार को अपना 35 वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। इस मौके पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम, यूरोपीय परिषद के राष्ट्रपति एंटोनियो कोस्टा सहित कई नेता कीव पहुंचे।

उनके समक्ष यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा, उनका देश शांति चाहता है लेकिन बदले में अपनी जमीन नहीं छोड़ेगा। जेलेंस्की ने काला सागर में जहाजों पर हमले रोकने के लिए रूस से वार्ता होने के भी संकेत दिए हैं।

प्रधानमंत्री के रूप में पहली बार यूक्रेन यात्रा पर आए ब्रिटिश प्रधानमंत्री बर्नहम ने एलान किया कि कीव को ब्रिटेन का समर्थन बना रहेगा और लंबी दूरी तक मार करने वाली मिसाइल के उत्पादन में उनका देश यूक्रेन को हर तरह का सहयोग देगा। विदित हो कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी मिसाइल उत्पादन में यूक्रेन का सहयोग करने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *