अमेरिका के मिसौरी में दर्दनाक सड़क हादसा, तेलंगाना की महिला की मौत; दोस्त घायल…

अमेरिका के मिसौरी राज्य के सेंट लुइस इलाके में शनिवार देर रात सड़क हादसे में तेलंगाना की 31 वर्षीय महिला की जान चली गई। तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी।

मृतका की पहचान दराम सुप्रिया के रूप में हुई है, जो तेलंगाना के महबूबाबाद जिले के मरीपेड़ा की मूल निवासी थीं। परिजनों के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब सुप्रिया अपना रेस्टोरेंट बंद कर घर लौट रही थीं।

हादसे में सुप्रिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ कार में सवार उनकी सहेली गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल सहेली तेलंगाना के सूर्यापेट जिले के कोडाद की रहने वाली हैं। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

परिजनों ने लगाई सरकार से मदद की गुहार

हादसे के बाद परिवार गहरे सदमे में है। खम्मम के नायडू पेटा सर्कल के पास रहने वाले सुप्रिया के पिता डी. श्रीनिवास ने बताया कि हमारे पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं, हम पूरी तरह स्तब्ध हैं।

उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को पत्र लिखकर बेटी के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए भारत वापस लाने में सरकार से मदद मांगी है। उनके अनुसार, यह दुर्घटना देर रात करीब 1:40 बजे हुई।

पीछे छूटा ढाई साल का मासूम

सुप्रिया अपने पति कोडुमुरि रंजीत के साथ मिसौरी के वेंट्जविले में रहती थीं। सुप्रिया वहां एक रेस्टोरेंट चलाती थीं, जबकि उनके पति रंजीत सॉफ्टवेयर सेक्टर में काम करते हैं।

दंपति की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी और उनका ढाई साल का एक बेटा भी है। सुप्रिया की मौत की खबर रंजीत ने तेलंगाना में दोनों परिवारों को दी।

सुप्रिया के रिश्तेदारों और परिचितों ने सोशल मीडिया के जरिए भी पुलिस और जनप्रतिनिधियों से संपर्क साधा है। खम्मम पुलिस कमिश्नर और स्थानीय नेताओं को टैग करते हुए परिवार ने पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने और जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कराने में सहयोग की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *