‘उत्तर भारत में महिलाओं का काम रसोई और बच्चों की देखभाल करना है…’, DMK सांसद का विवादित बयान…

तमिलनाडु में सत्ताधारी पार्टी DMK के सासंद ने महिलाओं पर विवादित बयान दिया है। उन्होंने उत्तर भारत की महिलाओं की तुलना तमिलनाडु की महिलाओं से की है, जिसे लेकर हंगामा मच गया है।

उनका कहना है कि उत्तर भारत में महिलाओं का काम रसोई और बच्चों को संभालने तक सीमित है, लेकिन तमिलनाडु की महिलाओं को पढ़ाई और नौकरी करने की पूरी छूट दी जाती है।

चेन्नई सेंट्रल से चौथी बार सांसद बने DMK सांसद दयानिधि मारन ने कायद-ए-मिल्लत सरकारी कॉलेज में संबोधन के दौरान ये बयान दिया। उनके इस बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। कई लोगों ने दयानिधि के बयान को गलत ठहराया है।

DMK सांसद का विवादित बयान

दयानिधि मारन के अनुसार, “हमारे राज्य की लड़कियां आत्मविश्वास के साथ हाथ में लैपटॉप लेकर चलती हैं। वो पोस्ट ग्रेजुएशन से लेकर इंटरव्यू तक देती नजर आती हैं। तमिलनाडु की लड़कियों में ये आत्मविश्वास आता है, क्योंकि हम उन्हें पढ़ाते हैं। मगर, उत्तर भारत में क्या हाल है? वहां महिलाएं बाहर काम करने नहीं जाती हैं। वो घर, रसोई और बच्चों को संभालती हैं। यही उनका काम होता है।”

दयानिधि स्टालिन ने आगे कहा-

ये तमिलनाडु है, एक द्रविड़ियन राज्य, कलाईनार (पूर्व सीएम एम करुणानिधि) अन्ना (पूर्व सीएम सीएन अन्नादुरई) और एम के स्टालिन (तमिलनाडु के वर्तमान मुख्यमंत्री) का राज्य है।

यहां आम लोगों की तरक्की मतलब राज्य की तरक्की। यही वजह है कि दुनियाभर से कई कंपनियां चेन्नई का रुख करती हैं, क्योंकि यहां सभी पढ़े-लिखे हैं।

यहां लोगों को तमिल के साथ-साथ अंग्रेजी भी आती है। महिलाओं की तरक्की में सरकार ने भी अहम भूमिका निभाई है।

डिप्टी सीएम ने बांटे लैपटॉप

इस कार्यक्रम के दौरान सीएम स्टालिन के बेटे और राज्य के उपमुख्यमंत्री उदयानिधि स्टालिन भी मौजूद थे। उन्होंने छात्राओं को लैपटॉप बांटे।

उदयानिधि स्टालिन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “आज आप सभी को लैपटॉप देकर मैं बहुत खुश हूं। मैं सभी को नए साल और पोंगल की शुभकामनाएं देता हूं। हमें छात्राओं पर गर्व है। 1974 में करुणानिधि ने इस कॉलेज का नामकरण करते हुए इसे महिलाओं को समर्पित किया था।”

बीजेपी ने उठाए सवाल

दयानिधि मारन के बयान पर राजनीतिक बहस छिड़ गई है। बीजेपी के प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने मारन पर निशाना साधते हुए कहा, “दयानिधि मारन ने एक बार फिर उत्तर भारत के लोगों को गाली दी है। मुझे लग रहा है इन्हें ऐसे बयान देने की अनुमति क्यों मिलती है? DMK में ये आम बात हो गई है। मुझे नहीं लगता कि दयानिधि मारन में कॉमन सेंस है।”

मारन को दिया करारा जवाब

बीजेपी नेता अनिला सिंह ने मारन के बयान को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ करार दिया है। उन्होंने कहा, “मारन भूल रहे हैं कि वो भारत में रहते हैं और भारत शक्ति की पूजा करता है। अगर उन्हें लगता है कि वो शक्ति को उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम में बांट सकते हैं, तो वो इस देश की संस्कृति को नहीं समझ पाए हैं। सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और हमारी माननीय राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु के बारे में उनकी क्या राय है? इस देश में ये बंटवारे की राजनीति नहीं चलेगी।”

मारन के समर्थन में उतरी DMK

DMK ने मारन के बयान का समर्थन करते हुए सफाई पेश की है। पार्टी के प्रवक्ता टीकेएस ईलनगोवन ने कहा, “महिलाओं का विकास इस बात पर निर्भर करता है कि किस राज्य में किसकी सरकार है। कांग्रेस शासित राज्यों में महिला सशक्त हैं। वो महिलाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए काम कर रही है। तमिलनाडु में भी महिलाओं को अच्छी शिक्षा देने पर फोकस किया जाता है। मगर, उत्तर भारत में महिलाओं के हक के लिए लड़ने वाला कोई नहीं है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *