संदिग्ध परिस्थिति में महिला का शव फंदे से लटकता मिला। नींद खुलने पर पति को घटना की जानकारी हुई। महिला का पांच महीने का मासूम बेटा भी है। यह मामला बेलीपार थाना के रुद्राइन उर्फ मझिगावा गांव का है।
फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने साक्ष्य एकत्र कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला लंबे समय से बीमार चल रही थी। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
मझिगावा निवासी प्रमोद विश्वकर्मा की पत्नी चंदा देवी सोमवार की रात घर के दूसरे मंजिल पर बने कमरे में छत की कुंडी से गमछे के फंदे से लटकी हुई थी। जबकि भोजन करने के बाद वह अपने पति और दोनों बच्चों के साथ बरामदे में सोई थीं।
प्रमोद ने बताया कि रात में जब उसकी नींद खुली तो उन्होंने पत्नी को पास नहीं पाया। इसके बाद घर में तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वह दूसरे मंजिल पर पहुंचे, जहां चंदा फंदे से लटकी हुई मिलीं।
शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रमोद और चंदा के दो बेटे है, जिनमें बड़ा बेटा राज 14 वर्ष का है। जबकि छोटा बेटा ऋषभ अभी पांच महीने का है। प्रमोद ने बताया कि उनकी पत्नी काफी समय से बीमार थीं और उनका इलाज चल रहा था।
कुछ दिन पहले उन्हें पीलिया की शिकायत भी हुई थी। प्रमोद बेंगलुरु में पाइपलाइन का काम करता हैं। पत्नी की तबीयत खराब होने के चलते एक माहीने पहले वह घर लौटा है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह ने बताया कि जांच में प्रथम दृष्टया खुदकुशी का मामला सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण पता चल पाएगा।