‘ढूंढेंगे और मारेंगे’-अमेरिका ने ईरान के मिसाइल लॉन्चर पर एयर स्ट्राइक का वीडियो जारी किया…

मिडिल ईस्ट में शुरू हुए तनाव का का आज 11वां दिन है। 28 फरवरी से ही अमेरिका और इजरायल लगातार ईरान के सैन्य ठिकानों, मिसाइल लॉन्च साइटों और संचार नेटवर्क पर एयरस्ट्राइक कर रहे हैं। इस बीच अमेरिका ने ईरान पर किए हमले का वीडियो जारी किया है।

दरअसल, यह वीडियो यूनाइटेड स्टेट्स सेंट्रल कमांड (CENTCOM) द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया। इस वीडियो में अमेरिकी एयरस्ट्राइक द्वारा एक पुल के नीचे छिपे ईरानी मिसाइल लॉन्चर को सटीक निशाना बनाकर नष्ट करते हुए दिखाया गया है।

अमेरिकी सेना तलाश जारी रखेगी

सेंटकॉम ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा- “ईरानी शासन अपने मिसाइल लॉन्चरों को छिपाने की कोशिश कर सकता है, लेकिन अमेरिकी सेना उनकी तलाश करना बंद नहीं करेगी। जब हम उन्हें ढूंढ लेंगे, तो हम उन्हें नष्ट कर देंगे।”

ईरान के पास छिटपुट मिसाइल

सीबीएस न्यूज के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने फ्लोरिडा के डोराल स्थित अपने गोल्फ क्लब से बोलते हुए कहा, “मुझे लगता है कि युद्ध लगभग पूरी तरह से समाप्त हो चुका है। ईरान के पास न तो नौसेना है, न संचार व्यवस्था, न ही वायु सेना। उनकी मिसाइलें छिटपुट रूप से बची हैं। उनके ड्रोन, यहां तक कि ड्रोन निर्माता कंपनियां भी, हर जगह नष्ट हो रही हैं।”

वहीं, ट्रंप की टिप्पणियों के बाद ईरान के अर्धसैनिक इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर के प्रवक्ता ने कहा कि संघर्ष कब समाप्त होगा, यह ट्रंप नहीं बल्कि ईरान तय करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *