भोरे प्रखंड के नारू चकरवा गांव के समीप मुख्य सड़क पर रविवार को एक हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। टेंपो से जा रही एक विवाहित महिला को उसके प्रेमी की पत्नी व परिजनों ने बीच सड़क पर रोककर जमकर पीट दिया।
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिससे पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार मामला कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। बताया जाता है कि एक विवाहित महिला का पड़ोसी गांव के ही एक शादीशुदा व्यक्ति के साथ काफी समय से संबंध चल रहा था। रविवार को उक्त महिला टेंपो से कहीं जा रही थी।
महिला को नीचे उतारकर पिटाई शुरू
इसी दौरान नारू चकरवा गांव के पास प्रेमी की पत्नी व उसके परिजनों की नजर उस पर पड़ गई। इसके बाद पत्नी ने परिजनों के साथ मिलकर टेंपो को रुकवा लिया। टेंपो रुकते ही गुस्से में भरे स्वजनों ने महिला को नीचे उतार लिया और बीच सड़क पर उसकी पिटाई शुरू कर दी।
अचानक हुई इस घटना से कुछ देर तक सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार प्रेमी की पत्नी का आरोप था कि उक्त महिला उसके परिवार को बर्बाद कर रही है।
मारपीट के दौरान मौके पर काफी भीड़ जुट गई। हालांकि, किसी ने बीच-बचाव करने की पहल नहीं की। उल्टे कई लोग इस घटना का वीडियो बनाने में लगे रहे।
वीडियो वायरल होने के बाद जांच में जुटी पुलिस
घटना का वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस प्रशासन भी मामले की जांच में जुट गई है। वीडियो में कई महिलाएं मिलकर एक महिला की पिटाई करती दिखाई दे रही हैं, जबकि पीड़िता खुद को बचाने का प्रयास करती नजर आ रही है।