राजधानी में अप्रैल का पहला सप्ताह भी बारिश के साथ ही बीतेगा।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से दिल्ली में बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है, जो पूरे सप्ताहांत तक जारी रहने की उम्मीद है।
मंगलवार और बुधवार के बीच हुई बारिश के बाद बुधवार को दिल्ली के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.0 डिग्री कम है।
अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम है। हवा में नमी का स्तर 100 से 37 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया।
मंगलवार को हो रही रिमझिम वर्षा में मंडी हाउस के समीप छाता लेकर जाता साइकिल सवार। फोटो- चंद्र प्रकाश मिश्र
कब तक होगी बारिश?
मंगलवार रात 11:30 बजे से बुधवार तड़के 2:30 बजे के बीच दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। लोधी रोड पर 6.4 मिमी, आया नगर में 6.8 मिमी, रिज में 2.6 मिमी बारिश हुई।
स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत के अनुसार दो पश्चिमी विक्षोभों के कारण आठ-नौ अप्रैल तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए ”येलो अलर्ट” जारी किया है।
30 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 20 से 30 किमी/घंटा (झोंके 40 किमी/घंटा तक) की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
बृहस्पतिवार को अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान 36 और 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। रविवार- सोमवार को यह गिरकर 33 और 19 डिग्री रह सकता है।
उधर, बारिश और हवाओं के चलते दिल्ली की हवा में काफी सुधार हुआ है।
बुधवार को दिल्ली का एक्यूआई 113 (मध्यम श्रेणी में) दर्ज किया गया। मंगलवार को यह 171 था। विशेषज्ञों का मानना है कि अगले कुछ दिनों तक हवा की स्थिति ”मध्यम” श्रेणी में ही बनी रहेगी।