यूपी के अयोध्या में मिल्कीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक युवक की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित लोगों ने स्वास्थ्यकर्मियों व सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की और अस्पताल में तोड़फोड़ भी की। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
इनायत नगर थाना क्षेत्र के अछोरा पूरे नागेश्वर पाण्डेय निवासी 35 वर्षीय सूरज यादव को रविवार देर रात सीने में तेज दर्द हुआ। लोग उन्हें निजी वाहन से सीएचसी मिल्कीपुर लाए।
यहां मौजूद डॉ. महिपाल सिंह ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया और एम्बुलेंस बुलाई।
हालांकि, फ़ौजी पवन कुमार यादव मरीज को जिला अस्पताल ले जाने के बजाय अपने वाहन में दोबारा बैठा लिया। उन्होंने सीएचसी में मौजूद डॉ. महिपाल सिंह, फार्मासिस्ट संतोष कुमार मिश्रा, वार्डब्वाय महेश शुक्ला और सुरक्षा गार्ड लालजी यादव को गाली देते हुए उनके साथ मारपीट की और वहां से चले गए।
स्वास्थ्यकर्मियों के अनुसार, कुछ देर बाद वही लोग बड़ी संख्या में दोबारा सीएचसी पहुंचे। उन्होंने फिर से मारपीट की और अस्पताल के सामानों को भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया।
मरीज के साथ आए लोगों का आरोप है कि अस्पताल में स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा समुचित इलाज नहीं किया गया, जिसके कारण युवक की इलाज के अभाव में मौत हो गई।
मृतक के भाई हनुमान ने बताया कि सूरज तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके एक साल का बेटा और छह माह की एक बेटी है। सूरज ट्रक चालक थे और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
उनका भाई पवन कुमार यादव की ट्रक चलाता था, उन्होंने शाम 4:00 बजे भाई को फोन करके पांच नंबर मैदान बुलाकर कई लोगों के साथ खाना खाया और शराब भी पिया था।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना अध्यक्ष रतन कुमार शर्मा, उप निरीक्षक आलोक कुमार सिंह, अमर बहादुर सिंह, अभिषेक कुमार सहित पुलिस बल सीएचसी पहुंचा। घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने आक्रोशित लोगों को शांत कराया।