गुजरात के डायमंड शहर सूरत में एक सिटी बस में सीट पाने को लेकर दो महिलाओं के बीच हुई जोरदार मारपीट का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ठसाठस भरी बस में सीट के लिए शुरू हुआ मामूली विवाद कुछ ही पलों में बाल खींचने और मुक्केबाजी तक पहुंच गया। पूरी घटना बस के अंदर कैमरे में कैद हो गई, जिसे देखकर लोग हैरान हैं।
यह घटना सूरत के डिंडोली इलाके में हुई। सिटी लिंक बस नंबर 104 डिंडोली रूट पर चल रही थी। बस में रोजाना की तरह भारी भीड़ थी और सीट पाने के लिए यात्रियों में खींचतान चल रही थी।
इसी दौरान दो महिलाओं के बीच सीट को लेकर पहले तीखी बहस शुरू हुई। बहस धीरे-धीरे गाली-गलौज में बदल गई और फिर दोनों महिलाएं एक-दूसरे पर टूट पड़ीं।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि दोनों महिलाएं एक-दूसरे के बाल पकड़कर जोर-जोर से खींच रही हैं। वे एक-दूसरे को मुक्के भी मार रही थीं। झगड़ा बस के ड्राइवर की सीट के ठीक सामने हो रहा था, जिससे बस चलाने में दिक्कत हो रही थी और यात्रियों की जान को खतरा पैदा हो गया था।
बस में मचा हंगामा
झगड़े के दौरान बस के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अन्य यात्री स्तब्ध रह गए। कुछ महिलाओं ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन गुस्से में भरी दोनों महिलाएं किसी की नहीं सुन रही थीं।
झगड़े की वजह से ड्राइवर का ध्यान बार-बार भटक रहा था, जिससे बस दुर्घटना का शिकार हो सकती थी। कई यात्री इस घटना से इतने परेशान हुए कि अगले स्टॉप पर बस रुकते ही उतर गए।
पुलिसकर्मी ने संभाला मोर्चा
झगड़ा तब थमा जब बस में मौजूद एक पुलिसकर्मी ने हस्तक्षेप किया। वर्दी देखते ही दोनों महिलाएं शांत हो गईं। पुलिसकर्मी ने दोनों को अच्छी तरह फटकार लगाई और झगड़ा बंद करवाया।
हालांकि, इस घटना ने सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से फैल गया। लोग इसे देखकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स ने बस में बढ़ती भीड़ और सीटिंग व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
कुछ ने महिलाओं के व्यवहार की निंदा की तो कुछ ने कहा कि भीड़भाड़ वाली बसों में ऐसी घटनाएं आम हो गई हैं।