ब्रिटेन (UK) की हर्टफोर्डशायर यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे दो भारतीय छात्रों की अलग-अलग हादसों में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इनमें से एक मृतक छात्र मुंबई का रहने वाला था, वहीं, दूसरा छात्र आंध्र प्रदेश का था।
मुंबई का रहने वाला 23 वर्षीय महेश रमेश खंडागले फाइनेंस और इन्वेस्टमेंट बैंकिंग के MSc का छात्र था। जिसकी 31 मार्च की सुबह दोस्तों के साथ वेल्स में एक हाइकिंग ट्रिप के दौरान जूबने से मौत हो गई। रमेश खंडागले के दोस्तों ने बताया कि क्वींसबरी में रहने वाला यह छात्र, ब्रेकोन बीकन्स में ‘फोर वॉटरफॉल्स वॉक’ के पास अपना नया GoPro कैमरा इस्तेमाल कर रहा था।
मां के साथ वीडियो कॉल के दौरान डूबने से हुई मौत
यूनिवर्सिटी में इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स एसोसिएशन (INSA) UK के प्रतिनिधि रोहित महादेवु ने बताया, “वह अपनी मां के साथ वीडियो कॉल पर था, जिन्होंने उसे पानी में न जाने की चेतावनी दी थी। लेकिन, वह यह देखने के लिए पानी में उतर गया कि वह कितना गहरा है। इसी दौरान वह तेज बहाव में बह गया।
यह एक दूरदराज का इलाका है, इसलिए इमरजेंसी सेवाओं को बुलाने में समय लगा। उसका शव शाम करीब 5-6 बजे मिला।” INSA ने उसके शव को भारत वापस लाने में मदद के लिए ‘JustGiving’ पर एक फंडरेजर शुरू किया है। वहीं, मृतक की मां ने UK आकर अपने बेटे का शव लेने के लिए वीजा के लिए आवेदन किया है।
आंध्र प्रदेश के छात्र की भी मौत
वहीं, दूसरा मृतक, 24 वर्षीय लीला साई रेड्डी मल्लिरेड्डी, जो आंध्र प्रदेश का रहने वाला था, वह भी हर्टफोर्डशायर यूनिवर्सिटी का छात्र था, 3 अप्रैल को दोपहर 3 बजे लापता बताया गया था। रात 10 बजे एम्बैंकमेंट, बेडफोर्ड में फायर और एम्बुलेंस की टीमों को बुलाया गया। उसे ओज नदी से जीवित बचाया गया और बेडफोर्ड अस्पताल ले जाया गया।
जहां उसका उपचार वेंटिलेटर पर चला, किन बाद में उसका निधन हो गया। उसके अंग दान किए जा रहे हैं और उसके पिता अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे हैं।