बेंगलुरु की PES यूनिवर्सिटी में एक प्रोफेसर पर क्लास के दौरान एक मुस्लिम स्टूडेंट के खिलाफ अपमानजनक और सांप्रदायिक टिप्पणियां करने का आरोप लगा है। आरोप है कि प्रोफेसर ने छात्र को न सिर्फ आतंकवादी कहा, बल्कि ईरान युद्ध के लिए भी जिम्मेदार ठहराते हुए नरक में जाने की बात कही।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यूनिवर्सिटी के छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। NSUI ने प्रोफेसर के खिलाफ इस मामले की शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, यूनिवर्सिटी ने जांच पूरी होने तक प्रोफेसर को सस्पेंड कर दिया है।
कब की है घटना?
दरअसल, यह घटना मंगलवार की बताई जा रही है, जब अफ्फान नामक छात्र ने किसी से मिलने के लिए कक्षा से बाहर जाने की अनुमति मांगी। आरोप है कि इस दौरान प्रोफेसर मुरलीधर देशपांडे ने छात्र अफ्फान को पूरी क्लास के सामने अपमानित किया।
प्रोपेसर की आक्रामक तरीके से प्रतिक्रिया
क्लास में मौजूद छात्रों द्वारा रिकार्ड की वीडियो के मुताबिक, प्रोफेसर डॉ. मुरलीधर देशपांडे ने बहुत ही आक्रामक तरीके से प्रतिक्रिया दी और कथित तौर पर पूरी क्लास के सामने उस छात्र को ‘आतंकवादी’ कह दिया।
वीडियो में प्रोफेसर चिल्लाते हुए सुनाई दे रहे हैं। जिसमें वो कहते हैं शर्म नहीं आती, तुमको… आतंकवादी, मैंने सोचा था कि मैं आज बहुत शांत रहूंगा।
ईरान युद्ध के लिए भी ठहराया जिम्मेदार
एनडीटीबी की रिपोर्ट के अनुसार, विवाद तब और बढ़ गया, जब प्रोफेसर ने कथित तौर पर उस मुस्लिम छात्र को ईरान युद्ध के लिए ‘उस जैसे लोगों’ को जिम्मेदार ठहराया। साथ ही यह भी टिप्पणी की कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप आकर उसे ले जाएंगे’। यही नहीं, प्रोफेसर ने कथित तौर पर यह ही कहा कि वह छात्र ‘नरक में जाएगा’।