श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर मुख्य पश्चिमी गंडक नहर में लगभग 30 फीट नीचे जाकर पलट गई।
दुर्घटना में 16 लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी तुर्कहा ले जाया गया।
गंभीर रूप से घायल 12 लोगों को वहां से मेडिकल कॉलेज अस्पताल कुशीनगर रेफर कर दिया गया, जहां तीन महिलाओं की मृत्यु हो गई। घायलों को विधायक विवेकानंद पांडेय ने अपने निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया।
महराजगंज जिले के घुघली थाने के गांव बड़हरा के रहने वाले 24 श्रद्धालु चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर नारायणी नदी में स्नान करने के लिए भैंसहा जा रहे थे।
बुधवार की रात खड्डा थाना के गांव सिसवा गोपाल के टोला सिसई के पास मुख्य पश्चिमी गंडक नहर की पटरी पर निर्मित सड़क पर गुजरने के दौरान तेज गति की वजह से ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर 30 फीट नीचे नहर में जा गिरी।
घटना में गंभीर रूप से घायल मीरा देवी और विमला व स्मृति देवी की मृत्यु हो गई। मनोरमा, निर्मला, बबली यादव, प्रभावती, रजवंत, किस्मती, प्रीति शर्मा, पारस सिंह रजवंत व समय सिंह को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार चल रहा है। वशिष्ठ सिंह, नेबुला देवी, तनु, प्रभावती का उपचार सीएचसी तुर्कहां में चल रहा है।