अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने फॉक्स न्यूज को दिए अपने एक इंटरव्यू में कहा, “ईरान के साथ चल रहा युद्ध अब खत्म होने के करीब है।” उन्होंने आगे कहा कि अगर वह अभी अपनी सेना हटा लेते हैं, तो तेहरान को फिर से खड़ा होने में 20 साल लग जाएंगे।
ट्रंप की यह टिप्पणी अमेरिकी सेंट्रल कमांड के उस बयान के कुछ घंटों बाद आई है, जिसमें कहा गया था कि ट्रंप की नाकेबंदी के पहले 24 घंटों में उसने ईरानी बंदरगाहों और तटीय इलाकों से आने-जाने वाले सभी जहाजों को सफलतापूर्वक रोक दिया है। कमांड ने यह भी कहा कि अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाज़ों के लिए नेविगेशन की आजादी का समर्थन कर रहा है।
युद्ध के कारण ईरान नहीं बना सका परमाणु हथियार : ट्रंप
इस इंटरव्यू में ट्रंप ने बताया कि, अगर वह ईरान पर अपना ध्यान नहीं लगाते तो उनके पास परमाणु हथियार होता, और वहां मौजूद हर किसी को सर कहकर बुला रहे होते।
जबकि ऐसा करना कोई नहीं चाहेगा। मालूम हो कि 28 फरवरी को शुरू हुए इस युद्ध का शांतिपूर्ण समाधान खोजने के लिए इस्लामाबाद में एक लंबी बातचीत शुरू की गई थी। हालांकि इस वार्ता के दौरान, अमेरिका और ईरान किसी समझौते पर नहीं पहुंच पाए थे।
इसके अलावा मंगलवार को एक अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट में कहा गया कि, ट्रंप ईरान के साथ बातचीत का दूसरा दौर जल्द ही इस्लामाबाद में शुरू कर सकते है। वहीं, ट्रंप ने बातचीत के दूसरे दौर की संभावना का श्रेय पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को दिया है।
हालांकि, इस रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया कि, क्या उपराष्ट्रपति जे.डी. वैंस ही बातचीत करने वाली टीम का नेतृत्व करेंगे या फिर कोई और।
इन सब अटकलों के बीच ट्रंप का एक और बयान चर्चा में है, जिसमें वह कह रहे है कि, “मैं नहीं चाहता कि उन्हें (ईरान को) ऐसा लगे कि उनकी जीत हुई है। इसलिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”