बेंगलुरु में एक युवक ने अपनी पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें पत्नी पर यौन उत्पीड़न, धोखाधड़ी और उसे घर से जबरन निकालने का आरोप लगाया है। 37 साल के इस व्यक्ति ने अपने ससुराल वालों पर भी अपनी शादीशुदा जिंदगी में लगातार दखल देने का आरोप लगाया है, जिसके कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे।
बेटी को छोड़ने के लिए सास बना रही दबाव
FIR के अनुसार, युवक नागरभावी का रहने वाला है। उसने बेंगलुरु में 31 साल की शिल्पा से शादी की और बाद में जक्कूर में एक विला में रहने लगा। अपनी शिकायत में, युवक ने आरोप लगाया कि उसकी सास, आशा ने उसे घर में आने से रोका था।
आरोप है कि उसने युवक पर अपनी बेटी को छोड़ने का दबाव भी बनाया, ताकि वे अपनी बेटी के लिए कोई बेहतर लड़का ढूंढ सके। युवक ने अपने ससुर, माधव कृष्ण पर भी आरोप लगाया कि उन्होंने उसे धमकाने के लिए लोगों को भेजा था।
युवक ने मानसिक रूप से परेशान करने का लगाया आरोप
अपनी पत्नी के खिलाफ लगाए गए आरोपों में, युवक ने दावा किया कि उसे मानसिक रूप से काफी परेशान किया गया। उसकी पत्नी कथित तौर पर उसकी आर्थिक स्थिति का मजाक उड़ाती है और उसकी जीवनशैली को बनाए रखने की उसकी क्षमता से असंतुष्टि जाहिर करती है।
युवक ने आगे आरोप लगाया कि उसकी पत्नी अपने ‘अमीर’ दोस्तों के साथ समय बिताती थी और ऐसी जीवनशैली अपना रखी थी। जिसमें वह अक्सर पार्टी करती थी और शराब पीती थी।
अश्लील वीडियो भेज कर प्रताड़ित करती थी पत्नी
युवक की माने तो उसकी पत्नी ने उसे बार-बार यौन रूप से भी प्रताड़ित किया। उसे अश्लील वीडियो भेजे, और उस पर ऐसे ही काम करने का दबाव डाला। उसने आगे आरोप लगाया कि उसकी पत्नी ने उसे जबरदस्ती अपनी एक सहेली के साथ गलत संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। इसके अलावा उसकी पत्नी ने अपने पुराने प्रेमी के साथ शादी के बाद भी संबंध होने की बात कबूल की थी।
हालांकि युवक ने इसके बाद भी दोनों परिवारों के बीच समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन बात बनने की जगह और बिगड़ गई। युवक का आरोप है उसके निजी दस्तावेज पासपोर्ट और पढ़ाई के सर्टिफिकेट सहित घर के कई अन्य सामान अभी भी उस विला में है।
जहां उसे जाने से मना किया गया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपों की सच्चाई जानने के लिए जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, पत्नी ने भी पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं, और कहा जा रहा है कि तमिलनाडु में इस संबंध में एक अलग FIR भी दर्ज की गई है। माना जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच अदालत में चल रहा एक मामला भी बेंगलुरु में इस केस के दर्ज होने से जुड़ा हुआ है।