कलेक्टर ने छात्रा को प्रदान किए बैग एवं गणवेश, छात्रावास की भी होगी व्यवस्था
बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन सूरजपुर ने संवेदनशील पहल करते हुए एक जरूरतमंद छात्रा के उच्च शिक्षा के सपनों को नया संबल प्रदान किया है। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने गोवर्धनपुर निवासी छात्रा स्वाति मरावी को बैग एवं गणवेश प्रदान कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा पूरे मनोयोग और लगन के साथ अध्ययन जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
उल्लेखनीय है कि छात्रा ने पारिवारिक आर्थिक कठिनाइयों के कारण पढ़ाई प्रभावित होने की जानकारी देते हुए जिला प्रशासन से सहयोग का अनुरोध किया था। मामले पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने शिक्षा विभाग को त्वरित आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके तहत छात्रा को गणवेश एवं बैग उपलब्ध कराया गया है। साथ ही छात्रावास में प्रवेश, पाठ्य-पुस्तकों की उपलब्धता तथा फीस की व्यवस्था सुनिश्चित करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
वर्तमान में स्वाति मरावी शासकीय राजीव गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर में बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। जिला प्रशासन की यह पहल बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने तथा आर्थिक अभाव को शिक्षा में बाधा नहीं बनने देने की शासन की प्रतिबद्धता को साकार रूप प्रदान करती है।