“डीजीपी नियुक्ति के प्रस्ताव भेजने में राज्यों की देरी पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, जताई गहरी चिंता”…

पुलिस महानिदेशक की नियुक्ति के लिए प्रस्ताव भेजने में कई राज्यों की ओर से अत्यधिक देरी पर गंभीर रुख अपनाते हुए सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) को ऐसे मामलों को उसके संज्ञान में लाने के लिए अधिकृत किया।

शीर्ष अदालत ने यूपीएससी को एक बैठक बुलाने और तेलंगाना के लिए डीजीपी की नियुक्ति की सिफारिश करने के लिए चार सप्ताह का समय दिया। राज्य पिछली बार नियमित डीजीपी 2017 में सेवानिवृत्त हुए थे।

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जोयमाल्य बागची की पीठ ने प्रकाश सिंह मामले में शीर्ष अदालत के निर्देशों के अनुसार डीजीपी की नियुक्ति के लिए प्रस्ताव भेजने में कई राज्यों की ओर से अत्यधिक देरी के संबंध में यूपीएससी द्वारा व्यक्त की गई चिंता का पूरी तरह से समर्थन किया।

पुलिस सुधारों से संबंधित प्रकाश सिंह मामले में शीर्ष अदालत ने दिशानिर्देश निर्धारित किए थे, जिसमें यूपीएससी द्वारा पैनल में शामिल तीन सबसे वरिष्ठ आइपीएस अधिकारियों में से डीजीपी के चयन को अनिवार्य किया गया था और उनके लिए दो वर्ष का निश्चित कार्यकाल निर्धारित किया गया था।

यूपीएससी ने पीठ को बताया कि राज्य की ओर से देरी के कारण योग्य और वरिष्ठ अधिकारी डीजीपी के रूप में नियुक्ति के लिए विचार किए जाने से वंचित रह जाते हैं।

आयोग ने कहा कि कई राज्य शीर्ष अदालत के निर्देशों की पूरी तरह से अवहेलना करते हुए डीजीपी की नियुक्ति के लिए प्रस्ताव भेजने में देरी करते रहते हैं और नियमित नियुक्ति के बजाय कार्यवाहक डीजीपी की नियुक्ति करके एक तदर्थ व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है।

पीठ तेलंगाना हाई कोर्ट के नौ जनवरी के आदेश को चुनौती देने वाली यूपीएससी की याचिका पर सुनवाई कर रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *