नौ महीने से अंतरिक्ष में फंसे नासा (NASA) के अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर मंगलवार को सुरक्षित धरती पर लौट आए हैं।
फ्लोरिडा के तट पर उनकी सुरक्षित लैंडिंग हुई।
उनके साथ अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री निक हैग और रूसी अंतरिक्ष यात्री अलेक्जेंडर गोर्बुनोव भी वापस आए हैं। इन सभी को स्पेसएक्स की क्रू ड्रैगन कैप्सूल ‘फ्रीडम’ की मदद से वापस लाया गया।
‘फ्रीडम’ कैप्सूल ने पृथ्वी के वातावरण में प्रवेश करते हुए लगभग 3000 डिग्री फारेनहाइट (1650 डिग्री सेल्सियस) तक के तापमान का सामना किया।
इसके बाद यह टैल्लाहासी के पास गल्फ ऑफ मेक्सिको में पैराशूट के जरिए सुरक्षित रूप से लैंड हुआ। इसके बाद एक रिकवरी वेसल इन चारों अंतरिक्ष यात्रियों को सुरक्षित रूप से निकालकर ह्यूस्टन स्थित नासा के जॉनसन स्पेस सेंटर ले जाएगा।
इन अंतरिक्ष यात्रियों को पृथ्वी पर लौटने के बाद 45 दिनों की पुनर्वास प्रक्रिया से गुजरना होगा ताकि वे माइक्रोग्रैविटी के प्रभाव से पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण के अनुकूल हो सकें।
बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स को पिछले साल जून में बोइंग के स्टारलाइनर में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के लिए भेजा गया था।
दोनों को ही सिर्फ 8 दिन वहां रहना था। दोनों अंतरिक्ष यान की सुरक्षा को जांचने के लिए गए थे। हालांकि प्रणोदन में खराबी के कारण यह मिशन नाकाम हो गया और अंतरिक्ष यान को बिना यात्रियों के पृथ्वी पर लौटना पड़ा। इसके बाद दोनों अंतरिक्ष में ही फंसे रह गए।
नासा ने इन्हें वापस लाने के लिए स्पेसएक्स के क्रू-9 मिशन से जोड़ा। यह सितंबर में ISS पर पहुंचा। रविवार को क्रू-9 ने अपने ISS सहयोगियों से भावुक विदाई ली।
उनकी जगह वहां क्रू-10 ने लिया। घर लौटने की तैयारी करते हुए निक हैग ने कहा, “जो साथी अंतरिक्ष स्टेशन पर रह गए हैं उनका हम इंतजार में रहेंगे। क्रू-9 अब घर लौट रहा है।”