“कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई”- Yogi Adityanath ने गोरखपुर में सुरक्षा भवनों का किया लोकार्पण…

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद पुलिस विभाग में समय पर भर्ती, बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है। इसका परिणाम है कि उत्तर प्रदेश में सुरक्षा का माहौल बेहतर बना है और सुशासन की मजबूत नींव तैयार हुई है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर क्षेत्र की सुरक्षा के लिए बनाए गए दो आधुनिक सुरक्षा भवनों के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

करीब 9.18 करोड़ रुपये की लागत से बने इन भवनों में अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय, कंट्रोल रूम, पुलिस स्टोर रूम तथा मेंटिनेंस वर्कशाप जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।

लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने भवनों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा, सुशासन की पहली शर्त होती है और हर नागरिक को सुरक्षित वातावरण देना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि पहले पुलिस भर्ती, प्रशिक्षण और अवस्थापना सुविधाओं की अनदेखी होती थी, जिससे पुलिस बल की कार्यक्षमता प्रभावित होती थी। लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है।

अब 60 हजार पुलिसकर्मियों को दिया जाता है प्रशिक्षण- योगी

उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में प्रदेश में पुलिस बल के आधे से अधिक पद खाली थे, लेकिन पिछले नौ वर्षों में 2 लाख 19 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई है।

साथ ही प्रशिक्षण क्षमता में भी बड़ा इजाफा हुआ है- जहां पहले एक समय में करीब 3 हजार पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाता था, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 60 हजार तक पहुंच गई है।

पुलिसकर्मियों के लिए आवासीय सुविधाओं में हुए सुधार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले पुलिसकर्मियों को रहने के लिए उचित व्यवस्था नहीं मिलती थी, लेकिन अब पुलिस लाइन, थानों और चौकियों में बेहतर बैरक और आवास उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे उनकी कार्यक्षमता और मनोबल दोनों बढ़े हैं।

अब पुलिस किसी भी स्थिति में असहाय नहीं है। थानों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होने से अपराधियों को पकड़ने और रोकने में आसानी हुई है।

जो भी कानून-व्यवस्था को चुनौती देगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी डा. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, सरवन निषाद, एडीजी गोरखपुर जोन अशोक जैन समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *