‘भारत के साथ संबंध मजबूत करेंगे’, नेपाल के संसदीय चुनावों में ऐतिहासिक जीत के बाद आरएसपी प्रमुख रवि लामिछाने का बयान…

नेपाल के संसदीय चुनावों में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने भारत के साथ संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प जताया है।

लामिछाने ने कहा कि उनकी पार्टी ‘विकास कूटनीति’ को प्राथमिकता देते हुए नेपाल-भारत संबंधों को सुदृढ़ करेगी।

यह बयान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आरएसपी की चुनावी सफलता पर दी गई बधाई के जवाब में आया है। लामिछाने ने इंटरनेट मीडिया पोस्ट के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा, ‘आरएसपी और हमारी सरकार आपसी सम्मान और साझा समृद्धि पर आधारित संबंधों को बढ़ावा देने के लिए समर्पित रहेगी।

हम भारत के साथ ऐसी साझेदारी की उम्मीद करते हैं जो कनेक्टिविटी, सांस्कृतिक पर्यटन, ऊर्जा और व्यापार में सहयोग के माध्यम से नई ऊंचाइयों को छुए।’

चुनावी नतीजों में आरएसपी का दबदबा

नेपाल में ‘फ‌र्स्ट-पास्ट-द-पोस्ट’ यानी प्रत्यक्ष मतदान प्रणाली के तहत मतगणना मंगलवार को संपन्न हो गई। कुल 165 प्रत्यक्ष सीटों में से आरएसपी ने 125 सीटों पर भारी जीत दर्ज की है। अन्य दलों की स्थिति देखें तो नेपाली कांग्रेस को 18, सीपीएन-यूएमएल को नौ और नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (एनसीपी) को आठ सीटें मिली हैं।

समानुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के तहत भी आरएसपी सबसे आगे चल रही है, जिसे अब तक 49 लाख से अधिक वोट मिल चुके हैं। विशेषज्ञों का अनुमान है कि 275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा में आरएसपी की कुल सदस्य संख्या 175 के आसपास पहुंच जाएगी, जिससे वह स्पष्ट बहुमत की सरकार बनाने की स्थिति में होगी।

क्षेत्रीय राजनीति में नए युग की शुरुआत

प्रधानमंत्री मोदी ने रवि लामिछाने के साथ-साथ बालेंद्र शाह को भी उनकी चुनावी जीत पर बधाई दी। उल्लेखनीय है कि बालेंद्र शाह नेपाल के पहले मधेशी प्रधानमंत्री और देश के सबसे कम उम्र के निर्वाचित कार्यकारी प्रमुख बनने की राह पर हैं। मोदी ने विश्वास जताया कि दोनों देशों के संयुक्त प्रयासों से भारत-नेपाल संबंध आने वाले वर्षों में नई ऊंचाइयों को छूएंगे।

नेपाल निर्वाचन आयोग के अनुसार, समानुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के तहत अंतिम परिणामों की घोषणा में अभी कुछ दिन और लग सकते हैं, लेकिन वर्तमान रुझान स्पष्ट रूप से आरएसपी के पक्ष में हैं। लामिछाने ने मोदी द्वारा नेपाली जनता के लोकतांत्रिक जनादेश को मान्यता देने की सराहना करते हुए दोनों देशों के नागरिकों के समृद्ध भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *