सनसनीखेज मामला: फेसबुक पर मिले प्यार के चलते महिला ने माता-पिता की हत्या की, रिश्तों को किया शर्मसार…

तेलंगाना के विकाराबाद जिले में एक 23 वर्षीय महिला नर्स ने अपने प्रेमी से अंतरजातीय विवाह करने के लिए अपने माता-पिता की हत्या कर दी है। पुलिस ने बुधवार को इस महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

आरोपित महिला के घर से तीन इंजेक्शन बरामद किए गए हैं और उसने पूछताछ में अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है। पुलिस के अनुसार, विकाराबाद की इस महिला के माता-पिता ने उसके अंतरजातीय विवाह करने की जिद को स्वीकार नहीं किया था।

आरोपित महिला ने 24 जनवरी को याचरम गांव में अपने घर पर अपने 58 वर्षीय पिता और 52 वर्षीय मां को अधिक मात्रा में सिडेटिव इंजेक्शन दिए, जिसके परिणामस्वरूप उनकी मृत्यु हो गई।

महिला अपने प्रेमी से एक इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर मिली थी, शादी करने की इच्छा जताई और उससे प्यार कर बैठी।

हालांकि, उसके परिवार के सदस्यों ने उनके अंतरजातीय विवाह का विरोध किया और इस पर उनके बीच बहस हुई। अपने माता-पिता के इन्कार के बाद महिला ने उन्हें खत्म करने की योजना बनाई ताकि वह बाद में अपने प्रेमी से शादी कर सके।

संगारेड्डी जिले में काम कर रही आरोपित महिला ने अस्पताल से सिडेटिव इंजेक्शन लाए और दर्द का इलाज करने के बहाने अपने माता-पिता को अधिक मात्रा में इंजेक्शन लगाए।

महिला ने पहले अपनी मां को इंजेक्शन लगाया और बाद में अपने पिता को जिसके बाद दोनों की मृत्यु हो गई। उसने बाद में अपने भाई को फोन कर बताया कि माता-पिता की मृत्यु फसल के बकाया ऋण के कारण हुई है।

इसके बाद उसके भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर संदिग्ध हालात में मृत्यु का मामला दर्ज किया।

पुलिस ने घर से तीन इंजेक्शन बरामद किए, जो संगारेड्डी अस्पताल में इंजेक्शन के बैच नंबर से मेल खाते थे। उन्होंने महिला से पूछताछ की व पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *