अफवाह से मचा हड़कंप: देवास में पेट्रोल पंप पर कतार में खड़े लोगों के बीच मारपीट, पुलिस ने संभाली स्थिति…

मध्यप्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल की कथित कमी को लेकर फैली अफवाह ने आमजन के बीच अफरा-तफरी मचा दी है। इंदौर और देवास समेत कई शहरों में मंगलवार रात से पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं।

इसी भीड़ और जल्दबाजी के माहौल में देवास जिले के चौबराधीरा स्थित एक पेट्रोल पंप पर हालात बेकाबू हो गए। कतार में आगे-पीछे खड़े होने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। मौके पर मौजूद लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

हालात को संभालने के लिए पंप कर्मचारियों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित भीड़ को काबू करना मुश्किल हो गया।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद कर रहे लोगों को अलग कर हालात को नियंत्रित किया। अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

प्रशासन की अपील: ‘ईंधन की कोई कमी नहीं’

इस बीच प्रशासन ने साफ किया है कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। अफवाह और ‘पैनिक बाइंग’ के चलते इस तरह की स्थिति बन रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे धैर्य रखें और अफवाहों पर ध्यान न दें।

बालाघाट में भी बढ़ी भीड़

बालाघाट में भी पेट्रोल पंपों पर मंगलवार रात से लगी भीड़ बुधवार तक जारी रही। कई जगहों पर विवाद की स्थिति बनने लगी है, जिसे देखते हुए पंपों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *